शहडोल जिले से दर्दनाक खबर सामने आई है, जहां पानी की तलाश में रिहायशी इलाके में पहुंची एक मादा तेंदुए की कुएं में गिरकर मौत हो गई। बताया जा रहा है कि तेंदुआ पिछले कई दिनों से गांव के आसपास विचरण कर रहा था, जिसका वीडियो ग्रामीणों ने बनाकर वन विभाग को भी सूचना दी थी। ग्रामीणों ने बताया कि सूचना देने के बावजूद वन विभाग ने समय रहते कोई ठोस कदम नहीं उठाया, जिसके चलते मादा तेंदुआ कुएं में गिर गई और डूबने से उसकी मौत हो गई।
घटना वन परिक्षेत्र शहडोल के सिंहपुर सर्किल अंतर्गत बीट अंतरा के राजस्व ग्राम मझगवां की बताई गई है। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद तेंदुए के शव को कुएं से बाहर निकाला। इसके बाद पंचनामा कार्रवाई कर शव का पोस्टमार्टम कराया गया। फिलहाल वन विभाग पूरे मामले की जांच में जुटा हुआ है। वहीं गांव में तेंदुए की मौत के बाद वन्यजीव सुरक्षा को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं।












Leave a Reply