R Madhya Pradesh

मध्य प्रदेश की ताजा खबरें, ब्रेकिंग न्यूज़, लाइव अपडेट्स

“सूर्यनगर” से शमशाबाद तक: संजय सागर बांध की गोद में बसता आस्था, इतिहास और प्राकृतिक सौंदर्य का अद्भुत संगम

Spread the love

विदिशा जिले का ऐतिहासिक नगर शमशाबाद आज धार्मिक आस्था, गौरवशाली इतिहास और प्राकृतिक सुंदरता का अनूठा संगम बनकर पूरे क्षेत्र की विशेष पहचान बना हुआ है। सापन नदी पर निर्मित विशाल संजय सागर बांध की शांत जलराशि के बीच बसा यह नगर अपने प्राचीन वैभव और सांस्कृतिक विरासत की अमिट छाप समेटे हुए है।

बहुत कम लोग जानते हैं कि प्राचीन काल में यह नगर राजपूत राजाओं का समृद्ध एवं वैभवशाली नगर हुआ करता था, जिसे उस समय “सूर्यनगर” के नाम से जाना जाता था। अपनी समृद्ध संस्कृति, शौर्य और धार्मिक परंपराओं के कारण यह नगर दूर-दूर तक प्रसिद्ध था। बाद में मुगल शासनकाल में इसका नाम परिवर्तित कर “शमशाबाद” कर दिया गया, जो आज तक प्रचलित है।

आज भी इस ऐतिहासिक भूमि की गरिमा यहां स्थित धार्मिक स्थलों और प्राकृतिक छटा में स्पष्ट दिखाई देती है। संजय सागर बांध के एक किनारे बाबा रामदेव जी महाराज मंदिर एवं भगवान द्वारकाधीश मंदिर का भव्य मंदिर स्थित है, जो तीन ओर से बांध के शांत जल से घिरा हुआ है। मंदिर की दिव्यता और अलौकिक वातावरण श्रद्धालुओं को अद्भुत आध्यात्मिक अनुभूति कराता है।

वहीं बांध के दूसरे किनारे स्थित राधा-कृष्ण मंदिर अपनी ऐतिहासिक भव्यता और धार्मिक महत्ता के कारण श्रद्धालुओं की विशेष आस्था का केंद्र बना हुआ है।

दोनों ओर स्थित इन भव्य मंदिरों का प्रतिबिंब जब संजय सागर बांध के शांत जल में झलकता है तो ऐसा प्रतीत होता है मानो प्रकृति स्वयं यहां आराधना कर रही हो। सूर्योदय की सुनहरी किरणें जब मंदिरों के शिखरों को स्पर्श करती हैं तो पूरा क्षेत्र स्वर्णिम आभा से दमक उठता है। वहीं संध्या आरती के समय जल में झिलमिलाते दीपों की छटा और घंटों की मधुर ध्वनि वातावरण को भक्तिमय बना देती है।

यह स्थल वर्षों से श्रद्धालुओं की अटूट आस्था का केंद्र बना हुआ है। क्षेत्र ही नहीं बल्कि दूर-दराज़ जिलों और प्रदेशों से हजारों श्रद्धालु यहां दर्शन के लिए पहुंचते हैं। विशेष पर्वों और धार्मिक आयोजनों के दौरान यहां भारी संख्या में भक्तों का आगमन होता है, जिससे पूरा क्षेत्र भक्ति रस में सराबोर हो उठता है।

मंदिर के पुजारी पंडित श्री गौरीशंकर जी महाराज ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मंदिर परिसर में धर्मशाला निर्माण सहित कई विकास कार्य कराए गए हैं। यहां रुकने, बैठने, स्वच्छ पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था उपलब्ध है, जिससे बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होती।

इन दिनों शमशाबाद की सुंदरता में संजय सागर बांध किनारे तेजी से बन रहा नया बायपास मार्ग भी चार चांद लगा रहा है। इसके पूर्ण होने से इस पूरे क्षेत्र की भव्यता और आकर्षण कई गुना बढ़ जाएगा। नया बायपास बनने से श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए आवागमन अधिक सुगम होगा तथा यह स्थल धार्मिक पर्यटन के रूप में नई ऊंचाइयों तक पहुंचेगा।

स्थानीय नागरिकों का मानना है कि यदि शासन-प्रशासन द्वारा इस ऐतिहासिक एवं धार्मिक स्थल को पर्यटन की दृष्टि से और विकसित किया जाए, यहां प्रकाश व्यवस्था, सौंदर्यीकरण, नौकायन एवं अन्य आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं तो शमशाबाद प्रदेश के प्रमुख धार्मिक-पर्यटन स्थलों में शामिल होकर नई पहचान स्थापित कर सकता है।

राजपूतकालीन वैभव, इतिहास, अटूट धार्मिक आस्था, संजय सागर बांध की अनुपम प्राकृतिक छटा और आधुनिक विकास का संगम बना शमशाबाद आज पूरे क्षेत्र ही नहीं बल्कि पूरे मध्यप्रदेश के लिए गर्व का विषय बन चुका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *