R Madhya Pradesh

मध्य प्रदेश की ताजा खबरें, ब्रेकिंग न्यूज़, लाइव अपडेट्स

सांवलियाजी जा रही श्रद्धालुओं की बस बनी मौत का जाल, डिवाइडर तोड़ हाईवे पर पलटी, छत पर बैठे श्रद्धालु सड़क पर गिरे, चीख-पुकार के बीच पलटी बस@आर.मध्यप्रदेश न्यूज

Spread the love

राजस्थान के चित्तौड़गढ़ में मंगलवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। श्रद्धालुओं से भरी एक प्राइवेट बस डिवाइडर तोड़ते हुए हाईवे पर पलट गई। हादसे में एक यात्री की मौत हो गई, जबकि करीब 25 से 30 लोग घायल हो गए। कई यात्रियों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

यह हादसा सुबह करीब 5:30 बजे भादसोड़ा थाना क्षेत्र के बागुंड के पास हुआ। जानकारी के मुताबिक ‘राजनंदिनी’ नाम की प्राइवेट बस चित्तौड़गढ़ से सांवलियाजी मंदिर जा रही थी। इसी दौरान सर्विस रोड पर बस अचानक अनियंत्रित हो गई और सीधे नेशनल हाईवे की तरफ बढ़ गई।

बस ने डिवाइडर पार करते हुए बिजली पोल और रेलिंग तोड़ दी और मुख्य हाईवे पर चढ़कर पलट गई। हादसे के समय बस की छत पर भी 20 से 25 यात्री बैठे हुए थे। बस पलटते ही छत पर बैठे यात्री सड़क पर जा गिरे और कई लोग घायल हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, उस समय पीछे से कोई बड़ा वाहन नहीं आ रहा था, वरना हादसा और भी भयावह हो सकता था।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों की सूचना पर पुलिस और हाईवे एंबुलेंस मौके पर पहुंची। घायलों को भादसोड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और सांवलियाजी मंडफिया हॉस्पिटल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल 4 से 5 लोगों को चित्तौड़गढ़ रेफर किया गया है।

हादसे में 32 वर्षीय रघुवीर मीणा निवासी नपनिया, तहसील छबड़ा, जिला बारां की मौत हो गई।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बस बिना परमिट संचालित हो रही थी। बताया जा रहा है कि यह बस लंबे समय से चित्तौड़गढ़ से सांवलियाजी तक श्रद्धालुओं को लेकर आ-जा रही थी।

घटना की सूचना मिलते ही नायब तहसीलदार शिवशंकर पारीक भी अस्पताल पहुंचे और घायलों की जानकारी ली। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस को हटवाकर हाईवे पर यातायात सुचारु कराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *