इन दिनों पवई नगर सहित पूरे क्षेत्र में धार्मिक आयोजनों की धूम बनी हुई है। इसी क्रम में पवई के बस स्टैंड स्थित वार्ड क्रमांक 08, शिवधाम में मिश्रा परिवार द्वारा आयोजित संगीतमय श्रीमद् भागवत महापुराण कथा ज्ञान यज्ञ का शुभारंभ मंगलवार 26 मई को कलश यात्रा के साथ श्रद्धा एवं भक्ति भाव से किया गया।
कलश यात्रा मिश्रा परिवार के निज निवास से प्रारंभ होकर श्री जगदीश स्वामी मंदिर परिसर पहुंची, जहां विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया गया। इसके पश्चात श्रद्धालुओं के साथ कलश यात्रा कथा स्थल पहुंची। कथा के प्रथम दिवस पर कथा व्यास परम पूजनीय पंडित रामगोपाल पांडेय शास्त्री जी ने श्रीमद् भागवत महापुराण की महिमा का वर्णन करते हुए कथा का शुभारंभ किया।
कथा कार्यक्रम के अंतर्गत 27 मई बुधवार को शुकदेव जन्म एवं परीक्षित जन्म, 28 मई गुरुवार को सती चरित्र, ध्रुव चरित्र एवं भरत चरित्र, 29 मई शुक्रवार को प्रहलाद चरित्र एवं समुद्र मंथन, 30 मई शनिवार को श्रीकृष्ण जन्मोत्सव, 31 मई रविवार को गोवर्धन पूजा एवं रुक्मिणी विवाह, 01 जून सोमवार को सुदामा चरित्र, 02 जून मंगलवार को परीक्षित मोक्ष एवं हवन, 03 जून बुधवार को ब्राह्मण भोज एवं भंडारा तथा 04 जून गुरुवार को जल विहार कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
इस धार्मिक आयोजन के मुख्य श्रद्धालु स्वर्गीय पंडित हरिप्रताप मिश्रा एवं श्रीमती विमला मिश्रा, सुशील मिश्रा एवं श्रीमती शिवानी मिश्रा हैं। आयोजन में सेवानुरागी प्रमोद मिश्रा, अनिल मिश्रा, विनोद मिश्रा, अनुपम मिश्रा सहित समस्त मिश्रा परिवार की सक्रिय सहभागिता बनी हुई है।
मिश्रा परिवार ने क्षेत्र के श्रद्धालुओं से कथा स्थल पहुंचकर धर्मलाभ लेने की अपील की है।












Leave a Reply