धार जिले के धामनोद थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध हथियारों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक विधि विरुद्ध बालक को देशी पिस्टल और दो जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। वहीं उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो वाहन भी जब्त कर लिया है। आइए देखते हैं यह पूरी रिपोर्ट।
धामनोद पुलिस द्वारा अवैध हथियारों की रोकथाम और अपराधों पर नियंत्रण के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत 30 मई 2026 को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि दो युवक एक काले रंग की स्कॉर्पियो वाहन में अवैध हथियार लेकर आईटीआई के पीछे मैदान क्षेत्र में घूम रहे हैं और किसी गंभीर वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं।
सूचना मिलते ही धामनोद पुलिस तत्काल सक्रिय हुई और टीम ने बताए गए स्थान पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को देखकर स्कॉर्पियो चालक वाहन छोड़कर भागने लगा। कार्रवाई के दौरान एक आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया, जबकि एक विधि विरुद्ध बालक को पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ लिया।
पुलिस द्वारा पकड़े गए बाल अपचारी की तलाशी लेने पर उसके कब्जे से एक अवैध देशी निर्मित 32 बोर पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए। पुलिस ने अवैध हथियारों के साथ घटना में प्रयुक्त महिंद्रा स्कॉर्पियो वाहन क्रमांक MP09DY9996 को भी जब्त कर लिया। जब्त किए गए हथियार और वाहन की कुल अनुमानित कीमत करीब 4 लाख 20 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस ने इस मामले में बाल अपचारी तथा फरार आरोपी यशपाल मेवाड़े पिता ओमप्रकाश मेवाड़े निवासी ग्राम बैगंदा, थाना धामनोद के खिलाफ आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। वहीं फरार आरोपी की तलाश के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
धामनोद पुलिस की इस कार्रवाई को अवैध हथियारों के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अपराध और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए आगे भी इसी तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।












Leave a Reply