तराना (उज्जैन)। उज्जैन जिले के तराना थाना क्षेत्र में हुए एक सनसनीखेज हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि शराब की लत और घरेलू विवादों से परेशान पत्नी और बेटे ने मिलकर एक व्यक्ति की हत्या कर दी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम कनासिया स्थित आमडी के खाल में एक व्यक्ति का शव पानी में तैरता हुआ मिलने की सूचना पुलिस को प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही थाना तराना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच प्रारंभ की।
जांच के दौरान मृतक की पहचान मदनलाल (35) निवासी ग्राम नायता पोलाय, थाना टोंकखुर्द, जिला देवास के रूप में हुई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने गहन जांच शुरू की।
पुलिस के अनुसार, मृतक शराब पीने का आदी था और आए दिन नशे की हालत में घर पर विवाद, झगड़ा एवं मारपीट करता था। उसकी इन हरकतों से परिवार लंबे समय से परेशान था।
जांच में सामने आया कि लगातार प्रताड़ना से तंग आकर मृतक की पत्नी सौरम बाई और पुत्र संजू सोलंकी ने उसकी हत्या की योजना बनाई। आरोप है कि दोनों ने पत्थर से सिर पर वार कर मदनलाल की हत्या कर दी और साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को आमडी के खाल में फेंक दिया।
तराना पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। पुलिस द्वारा आरोपियों से पूछताछ की जा रही है तथा मामले में वैधानिक कार्रवाई जारी है।
इस पूरे मामले के खुलासे में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) आलोक कुमार शर्मा एवं एसडीओपी तराना भविष्य भास्कर के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी रामनारायण सिंह भदौरिया एवं उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
रिपोर्ट: अजय नवरंग, तराना (उज्जैन)












Leave a Reply