R Madhya Pradesh

मध्य प्रदेश की ताजा खबरें, ब्रेकिंग न्यूज़, लाइव अपडेट्स

नीमच में दर्दनाक सड़क हादसा: बुलेट की टक्कर से 56 वर्षीय व्यक्ति की मौत, चालक फरार

Spread the love

नीमच सिटी के माधवगंज मोहल्ले में बीती रात हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में 56 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। हादसे के बाद आरोपी बुलेट मोटरसाइकिल चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश पुलिस द्वारा की जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार माधवगंज निवासी मोहम्मद अतीक पिता मोहम्मद शफी कुरैशी (56) अपनी दुकान से घर लौट रहे थे। इसी दौरान एक अज्ञात बुलेट मोटरसाइकिल चालक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि उनके सिर में गंभीर अंदरूनी चोटें आईं और वे गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद परिजन एवं स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल जिला चिकित्सालय नीमच पहुंचाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उन्हें एक निजी चिकित्सालय रेफर किया गया। उपचार के दौरान रात करीब 10:30 बजे उन्होंने दम तोड़ दिया।

आज सुबह जिला चिकित्सालय में शव का पोस्टमार्टम किया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं हादसे के बाद फरार हुए बुलेट चालक की तलाश के लिए पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है।

अचानक हुई इस दुखद घटना से परिजनों और क्षेत्रवासियों में शोक का माहौल है। पुलिस ने जल्द ही आरोपी चालक को गिरफ्तार करने का भरोसा दिलाया है।

आर मध्य प्रदेश | नीमच

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *