R Madhya Pradesh

मध्य प्रदेश की ताजा खबरें, ब्रेकिंग न्यूज़, लाइव अपडेट्स

तराना में सनसनीखेज खुलासा: शराब की लत बनी मौत की वजह! पत्नी और बेटे ने मिलकर उतारा पिता को मौत के घाट | R Madhya Pradesh News

Spread the love

उज्जैन जिले के तराना थाना क्षेत्र में मिले एक संदिग्ध शव के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार शराब की लत और घरेलू कलह से परेशान पत्नी और बेटे ने मिलकर परिवार के मुखिया की हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को ठिकाने लगाने के लिए उसे पानी से भरे खाल में फेंक दिया गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

मामला तराना थाना क्षेत्र के ग्राम कनासिया स्थित आमडी के खाल का है, जहां 1 जून 2026 को एक व्यक्ति का शव पानी में तैरता हुआ मिला था। सूचना मिलते ही तराना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मर्ग कायम कर जांच शुरू की। जांच के दौरान मृतक की पहचान देवास जिले के ग्राम नायता पोलाय निवासी 35 वर्षीय मदनलाल पिता तोलाराम के रूप में हुई। पुलिस ने जब मामले की गहराई से पड़ताल की तो हत्या की एक चौंकाने वाली कहानी सामने आई।

पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक मदनलाल शराब पीने का आदी था और नशे की हालत में अक्सर परिवार तथा आसपास के लोगों से विवाद और मारपीट करता था। लगातार प्रताड़ना और घरेलू तनाव से परेशान होकर उसकी पत्नी सौरम बाई और पुत्र संजू सोलंकी ने कथित रूप से पत्थर से सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपियों ने सबूत मिटाने और घटना को छिपाने के उद्देश्य से शव को आमडी के खाल में फेंक दिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और मामले में वैधानिक कार्रवाई जारी है।

वहीं मामले में नया मोड़ तब आया जब मृतक के परिजनों ने इस हत्याकांड में अन्य लोगों की संलिप्तता की आशंका जताई। परिजनों ने निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए छिपे हुए आरोपियों का भी खुलासा करने की बात कही है। पुलिस का कहना है कि मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

रिपोर्टर: अजय नवरंग

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *