धार। केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री एवं धार लोकसभा सांसद श्रीमती सावित्री ठाकुर ने अपने जन्मदिवस के अवसर पर वृंदावन पहुंचकर विख्यात राष्ट्रीय संत एवं वात्सल्य ग्राम की संस्थापिका पूज्य साध्वी ऋतम्भरा जी से सौजन्य भेंट कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
भेंट के दौरान श्रीमती ठाकुर ने पूज्य दीदी माँ को धार स्थित ऐतिहासिक एवं आस्था के केंद्र भोजशाला में मां वाग्देवी के दर्शन तथा क्षेत्र की गौशालाओं के अवलोकन हेतु सादर आमंत्रित किया। पूज्य साध्वी ऋतम्भरा जी ने आमंत्रण को सहर्ष स्वीकार करते हुए निकट भविष्य में धार प्रवास पर आने की सहमति प्रदान की।
श्रीमती ठाकुर ने कहा कि पूज्य दीदी माँ का सान्निध्य सदैव आध्यात्मिक ऊर्जा, राष्ट्रभावना एवं सेवा के संस्कारों से परिपूर्ण रहता है। उनके आशीर्वाद से जनसेवा के कार्यों में और अधिक समर्पण एवं निष्ठा के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा प्राप्त होती है।
उन्होंने कहा कि साध्वी ऋतम्भरा जी ने राम जन्मभूमि आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए राष्ट्र और सनातन संस्कृति के प्रति जनजागरण का कार्य किया है। साथ ही नारी सशक्तिकरण, गौसंरक्षण, संस्कार निर्माण तथा समाज के वंचित वर्गों के उत्थान के लिए उनके द्वारा किए जा रहे कार्य प्रेरणादायी हैं।
इस अवसर पर सामाजिक, सांस्कृतिक एवं धार्मिक विषयों पर आत्मीय चर्चा भी हुई। पूज्य साध्वी ऋतम्भरा जी ने कहा कि भारतीय संस्कृति, गौसंवर्धन एवं आध्यात्मिक परंपराओं के संरक्षण के लिए समाज के सभी वर्गों को मिलकर कार्य करना चाहिए।
श्रीमती सावित्री ठाकुर ने पूज्य दीदी माँ के चरणों में प्रणाम कर राष्ट्र, समाज एवं जनकल्याण के कार्यों में निरंतर मार्गदर्शन प्रदान करने का अनुरोध किया।












Leave a Reply