हरदा जिले के सिराली-खिरकिया मार्ग पर सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए सिराली थाने में पदस्थ सब इंस्पेक्टर खुशाल सिंह बघेल को करणी सेना परिवार के कार्यकर्ताओं ने मानवता का परिचय देते हुए तत्काल अस्पताल पहुंचाया। समय पर मिली मदद से घायल अधिकारी को उपचार मिल सका और उनकी जान बच गई।
मध्य प्रदेश के हरदा जिले में बुधवार रात करीब 11:30 बजे सिराली-चारूवा रोड स्थित ग्राम लोलांगरा बस स्टैंड के पास बढ़ वाले बाबा के समीप एक सड़क दुर्घटना में सिराली थाने में पदस्थ सब इंस्पेक्टर खुशाल सिंह बघेल गंभीर रूप से घायल हो गए। वे ड्यूटी पूरी कर सिराली से खिरकिया स्थित अपने निवास जा रहे थे।
घटना की सूचना एक राहगीर ने करणी सेना परिवार के सिराली तहसील अध्यक्ष विवेक सिंह पटेल (बिट्टी पटेल) को दी। सूचना मिलते ही विवेक सिंह पटेल अपने साथ ग्राम इकाई अध्यक्ष राम राजपूत, उपाध्यक्ष बलराम राजपूत, मीडिया प्रभारी प्रिंस राजपूत तथा करणी सैनिक सुमित राजपूत और अंकित राजपूत को लेकर मौके पर पहुंचे।
मौके पर पहुंचने पर सब इंस्पेक्टर खुशाल सिंह बघेल बेहोशी की हालत में सड़क किनारे पड़े मिले। उनके सिर और मुंह से खून बह रहा था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए करणी सेना कार्यकर्ताओं ने बिना समय गंवाए अपने निजी वाहन से उन्हें तत्काल सिराली अस्पताल पहुंचाया।
प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल हरदा रेफर कर दिया। समय पर मिली सहायता के कारण घायल अधिकारी को शीघ्र उपचार उपलब्ध कराया जा सका।
करणी सेना परिवार के कार्यकर्ताओं द्वारा दिखाई गई तत्परता और मानव सेवा की भावना की क्षेत्रभर में सराहना हो रही है। जिला अध्यक्ष सुनील सिंह राजपूत ने कहा कि मानवता की सेवा सबसे बड़ा धर्म है और संकट की घड़ी में हर व्यक्ति को जरूरतमंद की मदद के लिए आगे आना चाहिए।












Leave a Reply