R Madhya Pradesh

मध्य प्रदेश की ताजा खबरें, ब्रेकिंग न्यूज़, लाइव अपडेट्स

विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शंभूधारा में आयोजित हुआ पौधरोपण कार्यक्रम, पेड़ पौधों का संरक्षण एवं संवर्धन हमारा दायित्व-कलेक्टर ! R Madhya Pradesh

Spread the love

अनूपपुर 5 जून 2026/ कलेक्टर श्री हर्षल पंचोली ने कहा है कि पेड़-पौधों का संरक्षण एवं संवर्धन हम सभी का दायित्व है। पेड़-पौधे हमें जीवन प्रदान करते हैं, इसलिए इनके प्रति सजग एवं संवेदनशील रहने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा ‘‘एक पेड़ मां के नाम’’ अभियान संचालित किया जा रहा है। इस अभियान के तहत उन्होंने जिले के सभी नागरिकों से अपनी मां के नाम एक पौधा अवश्य रोपने का आव्हान किया। कलेक्टर श्री पंचोली ने कहा कि हमें पेड़ों का संरक्षण करना चाहिए तथा अधिक से अधिक पौधरोपण कर धरती को हरा-भरा बनाने में योगदान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि पेड़-पौधे मानव जीवन की मूल आवश्यकता हैं। कलेक्टर श्री हर्षल पंचोली आज अमरकंटक के शंभूधारा में विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आयोजित जिला स्तरीय पौधरोपण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।

विश्व पर्यावरण दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कलेक्टर श्री हर्षल पंचोली ने कहा कि वर्तमान समय में तेजी से हो रहे जलवायु परिवर्तन तथा वनों की अंधाधुंध कटाई चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि असमय बाढ़, भूस्खलन, सूखा एवं जल संकट जैसी प्राकृतिक आपदाओं में लगातार वृद्धि हो रही है, जिसके प्रमुख कारणों में वृक्षों की निरंतर कटाई शामिल है। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो जलवायु परिवर्तन का दुष्प्रभाव और अधिक गंभीर रूप ले सकता है। इस चुनौती से निपटने के लिए वृक्षों की कटाई पर रोक लगाना तथा व्यापक स्तर पर पौधरोपण करना आवश्यक है।

कलेक्टर श्री पंचोली ने पेड़-पौधों और जल स्त्रोतों के पारस्परिक संबंधों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि नदियों एवं वनों का संरक्षण एक-दूसरे से जुड़ा हुआ है। उन्होंने नर्मदा नदी का उदाहरण देते हुए कहा कि अमरकंटक से उद्गमित होकर गुजरात की खंभात की खाड़ी तक प्रवाहित होने वाली नर्मदा नदी करोड़ों लोगों के लिए जीवनदायिनी है। उन्होंने कहा कि प्राचीन काल से नदियां और वन मानव सभ्यता के विकास एवं संरक्षण के आधार रहे हैं तथा नदियों की निरंतरता और समृद्धि के लिए सघन वनों का होना आवश्यक है।

कार्यक्रम में वनमंडलाधिकारी श्री डेविड व्यंकटराव चनाप ने विश्व पर्यावरण दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि 5 जून से 21 जून तक पर्यावरण संरक्षण एवं जनजागरूकता से संबंधित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान स्वच्छता अभियान, पर्यावरण संरक्षण गतिविधियों तथा नगर वन सिटी परियोजना के अंतर्गत लगभग 3 हजार पौधों का रोपण किया जाएगा। वनमंडलाधिकारी ने कहा कि प्रकृति के संतुलन एवं पर्यावरण संरक्षण के लिए व्यापक स्तर पर पौधरोपण की आवश्यकता है। उन्होंने सभी नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनके संरक्षण एवं संवर्धन में सक्रिय सहभागिता निभाने का आव्हान किया। इसी प्रकार कार्यक्रम को कर्नल श्री ए.के. शर्मा ने भी संबोधित किया। श्री शशिधर अग्रवाल ने एनसीसी कैडेट्स को सर्पदंश के उपचार एवं बचाव तथा अन्य वन्य प्राणियो के बारे में जानकारी दी।

कलेक्टर ने किया बरगद के पौधे का रोपण

विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर कलेक्टर श्री हर्षल पंचोली ने शंभूधारा तट पर बरगद के पौधे का रोपण किया। इसी प्रकार वनमंडलाधिकारी श्री डेविड व्यंकटराव चनाप ने साल का पौधा, नगर परिषद अध्यक्ष अमरकंटक श्रीमती पार्वती सिंह तथा अनुविभागीय अधिकारी राजस्व पुष्पराजगढ़ श्री वसीम अहमद भट्ट ने भी पौधरोपण किया। कार्यक्रम में आम, जामुन, बरगद, पीपल, साल, रुद्राक्ष, अर्जुन, गुलबकावली एवं बरगद सहित अन्य विभिन्न पौधों का जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं एनसीसी के कैडेट्स ने लगभग 50 पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन का संदेश दिया।

कार्यक्रम में अनुविभागीय अधिकारी वन, कार्यपालन यंत्री जल संसाधन विभाग, डीपीएम एनआरएलएम, जनजातीय कार्य विभाग के क्षेत्र संयोजक सहित वन विभाग एवं अन्य संबंधित विभाग के अधिकारी तथा स्वसहायता समूह की दीदियां, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *