शाजापुर (एमपी) | संवाददाता: किशोर नाथ राजगुरु
शाजापुर जिले के पनवाड़ी गांव स्थित ड्रीम फन वैली वॉटर पार्क में हुए दर्दनाक हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। युवक बुधवार को वॉटर पार्क में गोता लगाते समय गंभीर रूप से घायल हो गया था। सिर में गंभीर चोट आने के कारण उसे शाजापुर जिला अस्पताल से इंदौर रेफर किया गया था, जहां दो दिन तक चले उपचार के बाद शुक्रवार को उसने अंतिम सांस ली।
प्राप्त जानकारी के अनुसार राजगढ़ जिले के भेसवा निवासी सुनील बुधवार दोपहर अपने दो दोस्तों के साथ पनवाड़ी स्थित वॉटर पार्क घूमने आया था। नहाने के दौरान जैसे ही उसने पूल में गोता लगाया, उसका सिर पूल के तल या किसी कठोर सतह से जोरदार तरीके से टकरा गया। टक्कर इतनी गंभीर थी कि वह मौके पर ही बेहोश हो गया और पानी में डूबने लगा।
मौके पर मौजूद दोस्तों और वॉटर पार्क कर्मचारियों ने तत्परता दिखाते हुए उसे पानी से बाहर निकाला और तत्काल शाजापुर जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए इंदौर रेफर कर दिया था।
इंदौर के अस्पताल में दो दिनों तक जिंदगी और मौत से जूझने के बाद शुक्रवार को सुनील की मौत हो गई। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।












Leave a Reply