R Madhya Pradesh

मध्य प्रदेश की ताजा खबरें, ब्रेकिंग न्यूज़, लाइव अपडेट्स

प्रभारी मंत्री दिलीप अहिरवार ने भाजपा पदाधिकारियों से की चर्चा, जनसमस्याओं के समाधान का दिया भरोसा

Spread the love

अनूपपुर। मध्य प्रदेश शासन के वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री दिलीप अहिरवार रविवार को अनूपपुर प्रवास पर पहुंचे। सर्किट हाउस में रात्रि विश्राम के पश्चात सोमवार को उन्होंने पूर्व मंत्री एवं अनूपपुर विधायक विसाहूलाल सिंह के निवास पहुंचकर उनसे सौजन्य भेंट की, कुशलक्षेम जानी तथा आशीर्वाद प्राप्त किया।

इसके बाद विधायक निवास पर भाजपा जिला पदाधिकारियों एवं मंडल अध्यक्षों की बैठक आयोजित हुई, जिसमें प्रभारी मंत्री ने संगठन पदाधिकारियों से विस्तार से चर्चा कर उनकी समस्याएं और सुझाव सुने।

बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की जनसमस्याओं एवं विकास संबंधी मुद्दों को प्रभारी मंत्री के समक्ष रखा तथा उनके निराकरण की मांग की।

बैठक के दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष हीरा सिंह श्याम ने भी जिले से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों को प्रभारी मंत्री के समक्ष रखा। प्रभारी मंत्री ने सभी मुद्दों को गंभीरता से सुनते हुए उनके समाधान के लिए आवश्यक पहल करने का आश्वासन दिया।

प्रभारी मंत्री दिलीप अहिरवार ने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता और पदाधिकारी संगठन की महत्वपूर्ण शक्ति है तथा उनका सम्मान करना उनकी प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि संगठनात्मक व्यवस्था एवं निर्धारित माध्यमों से प्राप्त होने वाले जनहित के कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा। उन्होंने विश्वास दिलाया कि संगठन, समाज और जनहित से जुड़े मामलों में सरकार संवेदनशीलता के साथ कार्य करेगी।
बैठक में उपस्थित भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने जिले के समग्र विकास तथा जनहित के मुद्दों के निराकरण के लिए प्रभारी मंत्री से प्रभावी पहल करने की अपेक्षा व्यक्त की। इस अवसर पर भाजपा के जिला एवं मंडल स्तर के अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे। उपरोक्त जानकारी भाजपा जिला मीडिया प्रभारी राजेश सिंह द्वारा दी गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *