उज्जैन | अजय नवरंग
उज्जैन के प्रसिद्ध टावर चौक को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद शहर में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार उज्जैन निवासी अजय पटेल के मोबाइल पर पाकिस्तान के एक नंबर से संदेश प्राप्त हुआ, जिसमें शाम के समय टावर चौक पर विस्फोट करने की धमकी दी गई थी।
मैसेज भेजने वाले व्यक्ति ने खुद को देश का एजेंट बताते हुए अपना नाम मोहम्मद मुश्ताक बताया। धमकी भरा संदेश मिलने के बाद अजय पटेल ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही माधव नगर थाना पुलिस सक्रिय हुई और युवक के मोबाइल से संबंधित नंबर पर करीब तीन घंटे तक बातचीत कर आवश्यक जानकारी जुटाई।
सुरक्षा के मद्देनजर बम डिस्पोजल स्क्वॉड और पुलिस टीमों ने टावर चौक सहित आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों में सघन तलाशी अभियान चलाया। व्यापक जांच-पड़ताल के बाद देर रात कॉलर द्वारा एक और संदेश भेजा गया, जिसमें पूरे मामले को महज मजाक (प्रैंक) बताया गया।
हालांकि पुलिस की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है, लेकिन सुरक्षा के दृष्टिकोण से पुलिस आज भी अलर्ट मोड पर है। शहर के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर निगरानी बढ़ा दी गई है तथा लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।












Leave a Reply