पन्ना | अनूप कुमार शुक्ला
जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन एवं विक्रय के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना पवई पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक इंडिका कार से 54 लीटर अवैध शराब जब्त कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने शराब और वाहन सहित कुल लगभग 3.22 लाख रुपये का मशरूका जब्त किया है।
पुलिस अधीक्षक पन्ना श्रीमती निवेदिता नायडू के निर्देश पर थाना प्रभारी पवई निरीक्षक सुशील कुमार अहिरवार को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक सफेद रंग की इंडिका कार में अवैध शराब का परिवहन किया जा रहा है। सूचना के आधार पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती वंदना सिंह एवं एसडीओपी पवई श्रीमती भावना दांगी के मार्गदर्शन में करही तिराहा बायपास रोड ब्रिज के पास नाकाबंदी कर वाहन चेकिंग की गई।
चेकिंग के दौरान वाहन क्रमांक MP 17 CA 9566 को रोककर तलाशी लेने पर उसकी डिक्की से 6 पेटी देशी मदिरा प्लेन (300 क्वार्टर, लगभग 54 लीटर) बरामद की गई। पुलिस ने मौके से अंशुल सोनी पिता रवि सोनी निवासी पवई एवं पियूष सोनी पिता दुर्गा सोनी निवासी सलेहा को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया।
गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें उप जेल भेज दिया गया। कार्रवाई में थाना प्रभारी सुशील कुमार अहिरवार, प्रधान आरक्षक सुरेन्द्र कुमार प्रजापति, उपेन्द्र रिछारिया, विनोद कुमार, आरक्षक राकेश कुमार डुडवे एवं वाहन चालक नागेन्द्र मांझी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।












Leave a Reply