पन्ना जिले के शिक्षकों ने शिक्षा के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। राज्य शिक्षा केंद्र भोपाल द्वारा गठित किए जा रहे स्टेट असेसमेंट सेल और डिस्ट्रिक्ट नॉलेज रिसोर्स ग्रुप यानी DKRG के लिए आयोजित ऑनलाइन परीक्षा और साक्षात्कार में जिले के शिक्षकों ने शानदार सफलता प्राप्त की है।
पन्ना जिले से रघुवीर तिवारी, राम किशोर गर्ग और नीरज श्रीवास्तव का चयन स्टेट असेसमेंट सेल सदस्य और जिला रिसोर्स ग्रुप के लिए किया गया है।
यह चयन शिक्षकों की शैक्षणिक दक्षता, विषय ज्ञान और नवाचारपूर्ण कार्यशैली के आधार पर किया गया है।
राज्य शिक्षा केंद्र के निर्देशानुसार जिला स्तर पर कुल 8 सदस्यों की टीम बनाई जानी है, जिसमें बाकी 5 विषय विशेषज्ञ शिक्षकों का चयन जिला स्तर से किया जाएगा।
चयनित टीम जिले में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने, मूल्यांकन व्यवस्था को मजबूत करने और विद्यार्थियों के अधिगम स्तर को बेहतर बनाने में अहम भूमिका निभाएगी।
इस उपलब्धि पर जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय, जिला शिक्षा केंद्र, डाइट पन्ना और बीआरसीसी अधिकारियों ने खुशी जताते हुए चयनित शिक्षकों को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।
