अनूपपुर 13 मई 2026/ जनजातीय कार्य विभाग के कर्मचारियों के विभिन्न समस्याओं के निराकरण के लिए संभागीय उपायुक्त, जनजातीय कार्य विभाग श्री जे.पी. यादव द्वारा शहडोल संभाग के तीनों जिलों में अलग-अलग तिथियों में सुनवाई शिविर आयोजित कर समस्याओं के निराकरण का प्रयास किया जा रहा है। इसी अनुक्रम में अनूपपुर जिले के कर्मचारियों की समस्याओं की सुनवाई आज एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय अनूपपुर में की गई। आयोजित शिविर में आवेदकों को टोकन दिए गए एवं समक्ष में सुनवाई की गई। इस शिविर में कुल 102 कर्मचारियों ने अपनी समस्याओं के संबंध में अपना आवेदन संभागीय उपायुक्त को प्रस्तुत किया। जिन्हें संभागीय उपायुक्त द्वारा शिविर में उपस्थित सहायक आयुक्त एवं खण्ड शिक्षा अधिकारियों को समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए गए।
प्राप्त आवेदनों में मुख्य रूप से पूर्व में जारी क्रमोन्नति एवं समयमान के एरियर राशि के भुगतान, समयमान/क्रमोन्नति से वंचित आवेदन, अर्जित अवकाश का भुगतान तथा अन्य प्रकार के स्वत्वों के निराकरण संबंधी समस्याएं प्रस्तुत किए गए। संभागीय उपायुक्त ने उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रकरणों के निराकरण समय-सीमा में करते हुए संबंधित कर्मचारियों को निराकरण से सूचित करें। उन्होंने कहा कि कोष एवं लेखा रीवा में वेतन निर्धारण संबंधी लंबित प्रकरणों की सूची नाम सहित प्रस्तुत करें ताकि समन्वय कर इनका निराकरण किया जा सके।
शिविर में सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग सुश्री सरिता नायक, सहायक संचालक जनजातीय कार्य विभाग श्री जगदीश प्रसाद नापित, क्षेत्र संयोजक जनजातीय कार्य विभाग श्री एस.के.वाजपेयी, विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी श्री श्रीष श्रीवास्तव, श्री राकेश कुमार मिश्रा, श्री के.के.वर्मा, श्री सतीश तिवारी उपस्थित रहे।
