R Madhya Pradesh

मध्य प्रदेश की ताजा खबरें, ब्रेकिंग न्यूज़, लाइव अपडेट्स

ईद पर्व को शांतिपूर्ण माहौल में मनाने प्रशासन अलर्ट, शमशाबाद थाना परिसर में शांति समिति की बैठक सम्पन्न

Spread the love

शमशाबाद, जिला विदिशा | संवाददाता: सुंदर सिंह राजपूत

शमशाबाद। आगामी ईद-उल-अजहा पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं भाईचारे के वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से शमशाबाद थाना परिसर में शांति समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों के साथ-साथ नगर के गणमान्य नागरिकों ने भी सहभागिता की और आपसी समन्वय के साथ पर्व मनाने का संदेश दिया।

बैठक में एसडीओपी अमरीश बोहरे, थाना प्रभारी पंकज गीते, तहसीलदार प्रेमलता पाल, सीएमओ अनिल बिंदुआ, प्रदीप माहेश्वरी, डॉ. अजीज खान सहित हिन्दू उत्सव समिति एवं मुस्लिम त्योहार कमेटी के पदाधिकारी, व्यापारी वर्ग एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

अधिकारियों ने इस अवसर पर कहा कि शमशाबाद की पहचान हमेशा से आपसी प्रेम, भाईचारे और गंगा-जमुनी तहजीब की रही है। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए ईद का पर्व भी शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाया जाएगा।

बैठक में साफ-सफाई, पेयजल व्यवस्था, विद्युत आपूर्ति, यातायात नियंत्रण एवं सुरक्षा व्यवस्था जैसे प्रमुख विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

एसडीओपी अमरीश बोहरे ने स्पष्ट कहा कि पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने हेतु पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहेगा और किसी भी प्रकार की अफवाह फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

तहसीलदार प्रेमलता पाल ने नागरिकों से प्रशासन का सहयोग करने तथा सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की अपील की।

बैठक के अंत में सभी उपस्थित नागरिकों ने एक स्वर में नगर की गंगा-जमुनी तहजीब को कायम रखते हुए ईद पर्व को हर्षोल्लास एवं शांतिपूर्ण वातावरण में मनाने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *