R Madhya Pradesh

मध्य प्रदेश की ताजा खबरें, ब्रेकिंग न्यूज़, लाइव अपडेट्स

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल का पन्ना आगमन, कार्यकर्ताओं ने किया भव्य स्वागत

Spread the love

पन्ना। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्री हेमंत खंडेलवाल का पन्ना आगमन हुआ, जहां भाजपा कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी के साथ उनका स्वागत किया।

सर्वप्रथम श्री खंडेलवाल ने पन्ना पहुंचकर सांसद श्री बी.डी. शर्मा के निवास पर पहुंचकर औपचारिक बैठक एवं चर्चा की। इसके पश्चात वे भाजपा कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से सांसद श्री बी.डी. शर्मा, सागर संभाग प्रभारी श्री गौरव रानदिवे, विधायक श्री बृजेंद्र प्रताप सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मीना राजे, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती मीना पांडे, श्री जयप्रकाश चतुर्वेदी, श्री राम बिहारी चौरसिया एवं श्रीमती आशा गुप्ता उपस्थित रहीं।

कार्यक्रम की शुरुआत पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमाओं के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ की गई। तत्पश्चात जिला पदाधिकारियों एवं मंडल अध्यक्षों द्वारा प्रदेश अध्यक्ष श्री खंडेलवाल का फूल-मालाओं से स्वागत किया गया। कार्यक्रम के प्रारंभ में जिला अध्यक्ष श्री बृजेंद्र मिश्रा द्वारा पूरे जिले का वृत्त प्रस्तुत किया गया।

इस अवसर पर सांसद श्री बी.डी. शर्मा ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश अध्यक्ष श्री हेमंत खंडेलवाल की विशेषता यह है कि वे प्रत्येक कार्यकर्ता से मिलकर उनकी समस्याओं को सुनते हैं और उनके समाधान का प्रयास करते हैं। उन्होंने कहा कि श्री खंडेलवाल पूर्व सांसद एवं बैतूल के वर्तमान विधायक हैं तथा उनकी कार्यशैली कार्यकर्ताओं के बीच अत्यंत प्रशंसनीय रही है।

अपने संबोधन में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी केवल एक राजनीतिक संगठन नहीं, बल्कि राष्ट्रसेवा का संकल्प लेकर कार्य करने वाला परिवार है। उन्होंने कहा कि सेवा, समर्पण और संस्कार भाजपा की कार्यपद्धति की मूल पहचान हैं और इन्हीं मूल्यों के कारण भाजपा आज देश की सबसे बड़ी राजनीतिक शक्ति बनी है।

उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचने का कार्य करता है। सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाकर कार्यकर्ता गरीब, किसान, युवा, महिला एवं वंचित वर्ग के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने का माध्यम बन रहे हैं।

श्री खंडेलवाल ने कहा कि वर्तमान समय में सभी जिलों में प्रशिक्षण वर्ग आयोजित किए जा रहे हैं, जो संगठन को नई ऊर्जा प्रदान करते हैं। ऐसे आयोजनों से कार्यकर्ताओं का आत्मविश्वास बढ़ता है तथा वैचारिक एवं संगठनात्मक मजबूती प्राप्त होती है। उन्होंने कहा कि भाजपा में व्यक्ति नहीं, बल्कि संगठन सर्वोपरि होता है तथा संपर्क, संवाद और समन्वय संगठन की सबसे बड़ी ताकत हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा कार्यकर्ता केवल चुनाव के समय सक्रिय नहीं रहते, बल्कि वर्षभर समाजसेवा के कार्यों में जुटे रहते हैं। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में विकास एवं जनकल्याण की योजनाएं निरंतर आगे बढ़ रही हैं।

कार्यक्रम में वरिष्ठ भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, जिला पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *