R Madhya Pradesh

मध्य प्रदेश की ताजा खबरें, ब्रेकिंग न्यूज़, लाइव अपडेट्स

रतलाम में आयोजित सांसदगणों की रेलवे महाप्रबंधक के साथ बैठक में लोकसभा क्षेत्र के विभिन्न रेलवे विकास कार्यों की समीक्षा की ! R Madhya Pradesh

Spread the love

धार / रतलाम- लोकसभा क्षेत्र धार की सांसद श्रीमती सावित्री ठाकुर ने रतलाम में पश्चिम रेलवे द्वारा आयोजित सांसदगणों की समीक्षा बैठक में सहभागिता करते हुए धार-महू संसदीय क्षेत्र से जुड़े विभिन्न रेल विकास कार्यों, निर्माणाधीन परियोजनाओं एवं यात्री सुविधाओं के विषयों को प्रमुखता से उठाया। बैठक में पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक एवं वरिष्ठ अधिकारियों के समक्ष क्षेत्र की आवश्यकताओं और जन अपेक्षाओं से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई।

श्रीमती ठाकुर ने बदनावर क्षेत्र में स्थापित किए जा रहे प्रधानमंत्री मित्र (PM MITRA) पार्क को रेलवे नेटवर्क से शीघ्र जोड़ने की आवश्यकता पर विशेष बल देते हुए कहा कि यह परियोजना क्षेत्र के औद्योगिक विकास, निवेश संवर्धन तथा रोजगार सृजन की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने रेलवे अधिकारियों से इस संबंध में सर्वे कार्य एवं प्रस्तावित रेल लिंक की प्रगति की जानकारी प्राप्त करते हुए आवश्यक कार्यवाही को गति देने का आग्रह किया।

बैठक में सांसद श्रीमती ठाकुर ने इंदौर-धार रेल परियोजना की प्रगति, निर्माणाधीन रेलवे टनल, रेलवे ओवरब्रिज एवं अंडरब्रिजों की वर्तमान स्थिति तथा धार में रेल परिचालन शीघ्र प्रारंभ किए जाने के संबंध में विस्तृत जानकारी मांगी। उन्होंने परियोजनाओं में हो रहे विलंब के कारणों पर भी चर्चा करते हुए कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने पर जोर दिया।

सांसद ने किसानों को भूमि अधिग्रहण के बदले उचित एवं समयबद्ध मुआवजा उपलब्ध कराने का विषय भी प्रमुखता से उठाया। इसके साथ ही उन्होंने निर्माणाधीन रेलवे पुलों एवं ओवरब्रिजों के समीप खराब सर्विस रोड, वर्षा ऋतु में जलभराव की समस्या तथा यातायात प्रबंधन से जुड़े मुद्दों पर अधिकारियों का ध्यान आकर्षित किया।

श्रीमती ठाकुर ने लोकसभा क्षेत्र के रेलवे स्टेशनों पर उपलब्ध यात्री सुविधाओं की समीक्षा करते हुए स्वच्छता, पेयजल, प्रतीक्षालय, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा, दिव्यांगजन सुविधाओं तथा अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत किए जा रहे विकास कार्यों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने बदनावर में रेलवे टिकट आरक्षण केंद्र प्रारंभ करने की मांग भी रखी।

इसके साथ ही क्षेत्र में नई रेल सेवाओं, ट्रेनों के ठहराव, माल परिवहन सुविधाओं के विस्तार तथा आगामी वर्षों में प्रस्तावित रेल परियोजनाओं पर भी विस्तार से चर्चा हुई।

श्रीमती ठाकुर ने कहा कि धार लोकसभा क्षेत्र के समग्र विकास एवं जन सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए रेलवे द्वारा सभी परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण किया जाना आवश्यक है।

बैठक में पश्चिम रेलवे परिक्षेत्र के विभिन्न सांसदगण, रेलवे महाप्रबंधक श्री रामश्रय पांडेय, रेलवे डीआरएम श्री अश्विनी कुमार सहित वरिष्ठ अधिकारी एवं संबंधित विभागों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *