1
1
पन्ना | अनूप कुमार शुक्ला
पन्ना जिले की पवई पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी विभिन्न थानों के कुल 08 आपराधिक प्रकरणों में वांछित था और पिछले लगभग 05 वर्षों से पुलिस को चकमा दे रहा था।
पुलिस अधीक्षक निवेदिता नायडू के निर्देशन में जिले के सभी थाना प्रभारियों को लंबित मामलों में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए थे। इसी अभियान के तहत थाना पवई पुलिस लगातार फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी।
इसी दौरान थाना पवई के अपराध क्रमांक 559/2020, 13/2021, 34/2021 एवं 89/2021 धारा 457, 380 भादवि (घर में घुसकर चोरी) के मामलों में फरार चल रहे आरोपी मोहम्मद यासीन खान पिता कल्लू खान, उम्र 49 वर्ष, निवासी नरैनी जिला बांदा (उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार किया गया।
जानकारी के अनुसार, उक्त आरोपी केवल पवई थाना के चार मामलों में ही नहीं, बल्कि कोतवाली पन्ना के तीन और थाना धरमपुर के एक प्रकरण में भी फरार चल रहा था।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वंदना सिंह एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस भावना दांगी के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी पवई निरीक्षक सुशील कुमार अहिरवार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई थी। टीम द्वारा तकनीकी साक्ष्यों और संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी गई, जिसके परिणामस्वरूप 15 मई 2026 को आरोपी को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड प्राप्त किया गया है, जहां उससे आगे की पूछताछ की जा रही है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी पवई निरीक्षक सुशील कुमार अहिरवार, उप निरीक्षक एम.एल. कोल, प्रधान आरक्षक नीरज रैकवार, विनोद कुमार, सुरेंद्र प्रजापति, आरक्षक राजेश बरकने एवं पन्ना साइबर सेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।