R Madhya Pradesh

मध्य प्रदेश की ताजा खबरें, ब्रेकिंग न्यूज़, लाइव अपडेट्स

विकास कार्यों की मॉनिटरिंग के लिए वर्क मैनेजमेंट सिस्टम पोर्टल पर दर्ज हो हर 15 दिन की प्रगति- कलेक्टर

Spread the love

अनूपपुर 16 जून 2026/ कलेक्ट्रेट कार्यालय स्थित नर्मदा सभागार में सोमवार को कलेक्टर श्री हर्षल पंचोली ने विभिन्न निर्माण विभागों के कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में शासकीय कार्यप्रणाली में पूर्ण पारदर्शिता, गतिशीलता और उच्च दक्षता लाने के उद्देश्य से तैयार किए गए एकीकृत वर्क मैनेजमेंट सिस्टम पोर्टल के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया गया। कलेक्टर ने जल संसाधन विभाग के कार्यपालन यंत्री को निर्देशित किया कि वे जिले के समस्त अधोसंरचनात्मक निर्माण कार्यों की जानकारी संबंधित विभागों से समन्वय कर इस पोर्टल पर हर 15 दिवस में अनिवार्य रूप से दर्ज कराएं। पोर्टल पर कार्यों के करंट स्टेटस, वित्तीय व्यय , जमीन संबंधी विवाद, कमिटमेंट एंट्री के साथ समय और स्थान के स्टाम्प वाली लाइव फोटो अपलोड की जाएगी, ताकि विकास कार्यों की रीयल-टाइम मॉनिटरिंग सुनिश्चित हो सके।

कलेक्टर श्री पंचोली ने बैठक में शासन की योजना के अंतर्गत ग्रामों में संचालित निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा प्रतिदिन की प्रगति की समीक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही जिला खनिज प्रतिष्ठान मद से स्वीकृत कार्यों की प्रशासनिक प्रक्रियाओं को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए गए। जिले की महत्वपूर्ण अधोसंरचना का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि अनूपपुर बायपास मार्ग हमारे जिले के प्रमुख विकास कार्यों में से एक है, इसे सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए समय-सीमा में पूर्ण कराया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासकीय कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी अधिकारी पूरी गंभीरता से अपने दायित्वों का निर्वहन करें।

कलेक्टर श्री पंचोली ने कहा कि डिजिटल गवर्नेंस को बढ़ावा देने वाले इस वर्क मैनेजमेंट सिस्टम पोर्टल का मुख्य उद्देश्य लोक निर्माण विभाग (भवन), ग्रामीण यांत्रिकी सेवा , प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना , म.प्र. सड़क विकास प्राधिकरण , जनजातीय कार्य, जल संसाधन, सर्व शिक्षा अभियान, विद्युत तथा स्वास्थ्य विभाग जैसे महत्वपूर्ण विभागों की परियोजनाओं को गति देना है। यह पोर्टल न केवल समय और वित्तीय संसाधनों की फिजूलखर्ची को रोकेगा, बल्कि पेपरलेस व्यवस्था के माध्यम से अंतर्विभागीय समन्वय को मजबूत कर जन-कल्याणकारी योजनाओं को बिना किसी प्रशासनिक देरी के समय पर पूरा करेगा। कलेक्टर ने यह भी निर्देश दिए कि कार्य पूर्ण होने के उपरांत स्थानीय जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में गरिमामय लोकार्पण कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएं।

बैठक में जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती अर्चना कुमारी सहित विभिन्न निर्माण विभागों के कार्यपालन यंत्री व नगरीय निकायों के मुख्य नगर पालिका अधिकारी सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *