R Madhya Pradesh

मध्य प्रदेश की ताजा खबरें, ब्रेकिंग न्यूज़, लाइव अपडेट्स

जनता की सहूलियत और भौगोलिक परिस्थितियों के आधार पर तैयार होगी नई रूपरेखा-कलेक्टर

Spread the love

अनूपपुर 16 जून 2026/ कलेक्टर श्री हर्षल पंचोली ने मध्य प्रदेश प्रशासनिक इकाई पुनर्गठन आयोग के द्वारा आईआईपीए की टीम लीडर प्रो. डॉक्टर नीतू जैन की उपस्थिति में आज मध्यप्रदेश प्रशासनिक इकाई पुनर्गठन आयोग, भोपाल द्वारा नागरिकों की सुविधा, भौगोलिक परिस्थितियों और जन-अपेक्षाओं के अनुरूप एक सुलभ, पारदर्शी और जनोन्मुखी प्रशासन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से महत्वपुर्ण बैठक आयोजित की गई थी।

बैठक में कलेक्टर श्री हर्षल पंचोली ने स्पष्ट किया कि प्रशासनिक कार्यों की दक्षता बढ़ाना और आम जनता को उनके नजदीक ही बेहतर सेवाएं सुनिश्चित करना जिला प्रशासन की मुख्य प्राथमिकता है। इसी को ध्यान में रखते हुए जिले के संभाग, जिला, तहसील और विकासखंड जैसी प्रशासनिक इकाइयों के पुनर्गठन तथा युक्तियुक्तकरण की संभावनाओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।

इस दौरान इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन की टीम लीडर प्रोफेसर डॉ. नीतू जैन ने कहा कि शासन की मंशा जनता को त्वरित प्रशासनिक सेवाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने बताया कि यह आयोग नागरिकों की व्यावहारिक सुविधाओं और स्थानीय जन-अपेक्षाओं का बारीकी से अध्ययन कर अपनी महत्वपूर्ण अनुशंसाएं शासन को सौंपेगा। प्रशासनिक सीमाओं के इस पुनर्गठन से सुदूर क्षेत्रों में रहने वाले आम नागरिकों के लिए भी शासकीय कार्य बेहद आसान हो जाएंगे।

इस महत्वपूर्ण विमर्श के दौरान उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों से मैदानी स्तर पर कार्य निष्पादन में आने वाली व्यावहारिक समस्याओं और भौगोलिक विसंगतियों पर विस्तार से चर्चा की गई। कलेक्टर श्री पंचोली ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे जमीनी आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए अपने व्यावहारिक सुझाव आयोग के समक्ष रखें। आयोग की टीम ने इन सभी बिंदुओं को गंभीरता से नोट करते हुए आगामी रूपरेखा में शामिल करने का आश्वासन दिया।

बैठक में जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती अर्चना कुमारी, अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री के.के. सोनी, डिप्टी कलेक्टर श्री कमलेश पुरी, अनुविभागीय अधिकारी एवं तहसीलदार सहित विभिन्न निर्माण व प्रशासनिक विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे, जिन्होंने इस पुनर्गठन प्रक्रिया को प्रभावी बनाने के लिए अपनी सक्रिय सहभागिता दर्ज कराई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *