पन्ना/शाहनगर। केंद्र सरकार के सफल 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे जनसंपर्क अभियान के तहत भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं खजुराहो सांसद विष्णु दत्त शर्मा ने पन्ना जिले के शाहनगर विकासखंड अंतर्गत धर्मपुरा गांव पहुंचकर केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने घर-घर जाकर ग्रामीणों से संवाद किया तथा योजनाओं से मिले लाभ की जानकारी प्राप्त की।
सांसद शर्मा ने ग्रामीणों से चर्चा करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में देश ने विकास, सुशासन और जनकल्याण के नए आयाम स्थापित किए हैं। केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचा है, जिससे करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है।
जनसंपर्क के दौरान धर्मपुरा गांव के हितग्राही राजेश सिंह ने सांसद शर्मा को बताया कि उन्हें आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत उपचार की सुविधा मिली, जिससे उनके हृदय रोग का सफल इलाज संभव हो सका। उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि यदि आयुष्मान योजना नहीं होती तो उनके लिए इलाज कराना संभव नहीं था। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण उनके पास उपचार के लिए पर्याप्त धनराशि नहीं थी। उन्होंने कहा कि “मोदी जी की आयुष्मान योजना ने मेरी जान बचाई है। आज मैं स्वस्थ हूं तो इसका श्रेय इस योजना को जाता है।”
राजेश सिंह की बात सुनकर सांसद शर्मा ने कहा कि यह केवल एक व्यक्ति की कहानी नहीं, बल्कि देश के करोड़ों गरीब और जरूरतमंद परिवारों की वास्तविकता है, जिनके जीवन में केंद्र सरकार की योजनाओं ने नई उम्मीद जगाई है। उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास, उज्ज्वला, किसान सम्मान निधि, हर घर जल और अन्य योजनाओं ने समाज के हर वर्ग को सशक्त बनाने का कार्य किया है।
सांसद शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्ष “विकास के, विश्वास के और जनकल्याण के” रहे हैं। सरकार का लक्ष्य केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि उनका लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता घर-घर जाकर सरकार की उपलब्धियों और योजनाओं की जानकारी जनता तक पहुंचा रहे हैं तथा लाभार्थियों से संवाद कर उनके अनुभव भी जान रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने केंद्र सरकार की योजनाओं के प्रति संतोष व्यक्त करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सांसद विष्णुदत्त शर्मा का आभार व्यक्त किया। गांव में आयोजित जनसंपर्क अभियान को लेकर ग्रामीणों में विशेष उत्साह देखने को मिला।












Leave a Reply