R Madhya Pradesh

मध्य प्रदेश की ताजा खबरें, ब्रेकिंग न्यूज़, लाइव अपडेट्स

कमिश्नर ने दारसागर क्लस्टर का किया निरीक्षण, किसानों से किया सीधा संवाद @R Madhya Pradesh News

Spread the love

अनूपपुर 17 जून 2026/ कमिश्नर शहडोल संभाग श्रीमती सुरभि गुप्ता ने आज अनूपपुर जनपद के दारसागर क्लस्टर का निरीक्षण कर क्षेत्र में संचालित कृषि एवं ग्रामीण विकास गतिविधियों का जायजा लिया। उन्होंने विभिन्न कृषि विकास योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति का अवलोकन करते हुए मैदानी व्यवस्थाओं की समीक्षा की तथा किसानों से संवाद कर योजनाओं के लाभ और उनकी प्रभावशीलता की जानकारी प्राप्त की।

निरीक्षण के दौरान कमिश्नर ने उन्नत कृषि पद्धतियों, आधुनिक सिंचाई तकनीकों तथा जैविक खेती को बढ़ावा देने के लिए किए जा रहे प्रयासों का अवलोकन किया। उन्होंने कृषि एवं ग्रामीण विकास विभाग के अधिकारियों और मैदानी अमले को निर्देश दिए कि किसानों के बीच नियमित रूप से पहुंचकर उन्हें नवीन कृषि तकनीकों और शासकीय योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई जाए, जिससे उत्पादन और उत्पादकता में वृद्धि हो सके।

कृषकों से चर्चा करते हुए कमिश्नर ने कहा कि शासन की प्राथमिकता किसानों की लागत कम कर उनकी आय में वृद्धि सुनिश्चित करना है। उन्होंने किसानों को पारंपरिक खेती के साथ फसल विविधीकरण अपनाने, श्रीअन्न (मोटे अनाज) के उत्पादन को बढ़ावा देने तथा जल संरक्षण के लिए ड्रिप और स्प्रिंकलर सिंचाई पद्धतियों का अधिकाधिक उपयोग करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीकों के समुचित उपयोग से कृषि को अधिक लाभकारी बनाया जा सकता है।

किसानों ने भी अपनी समस्याएं और सुझाव साझा किए तथा विभिन्न योजनाओं से प्राप्त लाभों के अनुभव बताए। किसानों द्वारा उठाए गए मुद्दों पर कमिश्नर ने संवेदनशीलता दिखाते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए और यह सुनिश्चित करने को कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।

इस अवसर पर जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती अर्चना कुमारी सहित संबंधित विभाग के अधिकारी – कर्मचारी, प्रगतिशील कृषक एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *