R Madhya Pradesh

मध्य प्रदेश की ताजा खबरें, ब्रेकिंग न्यूज़, लाइव अपडेट्स

जिले में अनुकंपा नियुक्ति के प्रकरणों पर अधिकारी दें विशेष ध्यान- सीईओ जिला पंचायत

Spread the love

अनूपपुर 22 जून 2026- मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती अर्चना कुमारी ने जिले में अनुकंपा नियुक्ति संबंधी प्रकरणों के निराकरण में गंभीरता एवं तत्परता बरतने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जिला अनुकंपा समिति की अनुशंसा के आधार पर पात्र हितग्राहियों को समय-सीमा के भीतर अनुकंपा नियुक्ति प्रदान की जाए तथा लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा सुनिश्चित की जाए। उन्होंने निर्देशित किया कि अनुकंपा नियुक्ति से संबंधित प्रकरणों का प्रत्येक माह अद्यतन किया जाए, ताकि लंबित मामलों में आवश्यक कार्यवाही समय पर की जा सके तथा पात्र आवेदकों को प्राथमिकता के आधार पर अनुकंपा नियुक्ति उपलब्ध कराई जा सके। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती अर्चना कुमारी आज कलेक्ट्रेट कार्यालय स्थित नर्मदा सभागार में आयोजित समयावधि पत्रों की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को निर्देशित किया।

बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत श्रीमती अर्चना कुमारी ने प्रधानमंत्री श्रम योगी मान-धन योजना की विशेष समीक्षा करते हुए अधिकारियों को जनपद एवं नगरीय निकायवार शिविर आयोजित कर पात्र हितग्राहियों को योजना का लाभ दिलाने के निर्देश दिए। इसी प्रकार उन्होंने संबल योजना, मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना, प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना सहित अन्य महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु नियमित रूप से शिविर आयोजित कर पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित किया जाए। उन्होंने कहा कि जनहितकारी योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा प्रत्येक पात्र हितग्राही को योजनाओं से लाभान्वित किया जाना सुनिश्चित किया जाए। मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने निर्देश दिए कि विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत लाभान्वित हितग्राहियों एवं प्रगति संबंधी जानकारी नियमित रूप से जिला पंचायत कार्यालय को प्रेषित की जाए, ताकि योजनाओं की प्रगति की समय-समय पर समीक्षा कर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जा सके।

मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती अर्चना कुमारी ने अनूपपुर जिले में कृषि एवं उद्यानिकी फसलों के रकबे में वृद्धि के लिए किसानों को जागरूक करने तथा कृषि अभियांत्रिकी विभाग की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि कृषकों को सब मिशन ऑन एग्रीकल्चरल मैकेनाइजेशन योजना का लाभ दिलाते हुए कृषि यंत्रीकरण को बढ़ावा दिया जाए तथा प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहित करने के लिए व्यापक स्तर पर जागरूकता गतिविधियां संचालित की जाएं।

मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत ने मत्स्य विभाग के अधिकारियों को जिले में केज कल्चर इकाइयों की स्थापना को बढ़ावा देने तथा मत्स्य उत्पादों के विपणन के लिए मार्केटिंग लिंकेज को और अधिक सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। समीक्षा के दौरान उन्होंने दारसागर में प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के अंतर्गत चिन्हित हितग्राहियों की स्थिति की जानकारी प्राप्त की। इस संबंध में अधिकारियों ने अवगत कराया कि दारसागर क्लस्टर के अंतर्गत हितग्राहियों का चयन किया गया है, जिन्हें प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना का लाभ प्रदान किया जा रहा है। साथ ही केज कल्चर इकाइयों की स्थापना के लिए भी कार्ययोजना तैयार की जा रही है।

बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत ने मानसून के दृष्टिगत तैयारियों की समीक्षा करते हुए जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों एवं नगरीय निकायों के मुख्य नगर पालिका अधिकारियों से आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अधिकारियों को मानसून अवधि में संभावित चुनौतियों से निपटने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समयपूर्व सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने जिले के समस्त नगरीय निकायों में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के अंतर्गत कचरा संग्रहण हेतु विकसित किए गए ट्रेंचिंग ग्राउंडों के बेहतर रखरखाव एवं उन्नयन के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि अमृत योजना के अंतर्गत नगरीय निकायों में संचालित कार्यों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराया जाए।मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने नगरीय निकायों की पेयजल व्यवस्था, जल की गुणवत्ता, जलजनित बीमारियों की रोकथाम सहित अन्य महत्वपूर्ण विषयों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा नागरिकों को सुरक्षित एवं गुणवत्तायुक्त पेयजल उपलब्ध कराना सुनिश्चित करने के निर्देश प्रदान किए।

बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत ने स्कूल शिक्षा विभाग की समीक्षा करते हुए कहा कि जिले में 16 जून से विद्यालयों का संचालन प्रारंभ हो चुका है। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन विभागीय अधिकारियों को विद्यालय आवंटित किए गए हैं, वे अपने आवंटित विद्यालयों का नियमित एवं सतत निरीक्षण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि निरीक्षण के दौरान विद्यार्थियों के नामांकन, विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अन्य स्टॉफ की उपस्थिति संबंधी जानकारी का विवरण अनिवार्य रूप से प्रेषित किया जाए। साथ ही विद्यालयों में विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति, मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता तथा आवश्यक व्यवस्थाओं का भी समुचित आकलन किया जाए। मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने निर्देशित किया कि सभी संबंधित अधिकारी विद्यालयों में शैक्षणिक एवं आधारभूत व्यवस्थाओं की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करते हुए आवश्यक जानकारी समय-समय पर उपलब्ध कराएं, ताकि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं बेहतर शैक्षणिक वातावरण सुनिश्चित किया जा सके।

बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती अर्चना कुमारी ने सीएम हेल्पलाइन के लंबित प्रकरणों एवं मुख्य सचिव के प्रमुख एजेंडा बिंदुओं की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को प्राप्त शिकायतों एवं प्रकरणों का गुणवत्तापूर्ण तथा समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान सामाजिक न्याय एवं निःशक्तजन कल्याण विभाग, जनजातीय कार्य विभाग, उद्योग विभाग, पशुपालन विभाग, सहकारिता विभाग, खाद्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग सहित विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं एवं विभागीय कार्यों की प्रगति की समीक्षा की तथा अधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, निर्धारित लक्ष्यों की समयबद्ध पूर्ति तथा पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।

बैठक में अनुविभागीय अधिकारी राजस्व पुष्पराजगढ़ श्री वसीम अहमद भट्ट, डिप्टी कलेक्टर श्री कमलेश पुरी, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व कोतमा श्री सतीश वर्मा सहित अन्य जिले के विभिन्न विभागों के विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *