डिंडोरी में तेज रफ्तार का कहर — दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत, एक युवक की मौत, चार गंभीर घायल

डिंडोरी जिले में तेज रफ्तार का कहर एक बार फिर देखने को मिला है। महावीर कूड़ा के पास शासकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज के समीप दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत में एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी और चीख-पुकार का माहौल बन गया। बताया जा रहा है कि कुछ युवक नर्मदा में अस्थि विसर्जन के लिए जा रहे थे, तभी यह भीषण हादसा हो गया।
जानकारी के मुताबिक एक मोटरसाइकिल में सिमरिया गांव के तीन युवक सवार थे, जबकि दूसरी बाइक में करोपानी गांव के दो लोग बैठे हुए थे। एक बाइक डिंडोरी की ओर से आ रही थी, वहीं दूसरी गाड़ासरई दिशा से आ रही थी। महावीर कूड़ा के पास शासकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय के समीप दोनों मोटरसाइकिलें तेज रफ्तार में आमने-सामने भिड़ गईं। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सड़क पर दूर तक बाइक के परखच्चे बिखर गए।
हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर दौड़ पड़े। सड़क पर घायल युवक दर्द से तड़पते रहे और मौके पर चीख-पुकार मच गई। ग्रामीणों ने तत्काल डायल 108 एम्बुलेंस और पुलिस को सूचना दी। जिसके बाद सभी घायलों को गंभीर हालत में जिला चिकित्सालय डिंडोरी भेजा गया।
सूत्रों के अनुसार हादसे के समय कुछ युवक शराब के नशे में भी बताए जा रहे हैं। इस दर्दनाक सड़क हादसे में करोपानी गांव के एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य घायल जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहे हैं। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
बताया जा रहा है कि सिमरिया गांव से जा रहे युवक अस्थि विसर्जन के लिए नर्मदा जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही यह भीषण हादसा हो गया। लगातार बढ़ रहे सड़क हादसे अब लोगों की जान पर भारी पड़ रहे हैं। तेज रफ्तार और लापरवाही भरी ड्राइविंग एक बार फिर बड़ी त्रासदी का कारण बनी है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *