R Madhya Pradesh

मध्य प्रदेश की ताजा खबरें, ब्रेकिंग न्यूज़, लाइव अपडेट्स

कायथा-कलमा मार्ग पर जलभराव से किसान परेशान, 500 बीघा फसल प्रभावित

Spread the love

कायथा। कायथा,से कलमा पहुंच मार्ग पर स्थित भौजीखेड़ी ब्लाक से लेकर काठबड़ौदा गांव तक सड़क के दोनों ओर जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण किसानों के खेतों में भारी जलभराव की समस्या उत्पन्न हो गई है। इस समस्या से क्षेत्र के करीब 500 बीघा कृषि भूमि प्रभावित हो रही है, जिससे किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है।
ग्रामीणों एवं किसानों के अनुसार, सड़क निर्माण से पहले पानी की प्राकृतिक निकासी एवं आवागमन के रास्ते उपलब्ध थे, लेकिन लोक निर्माण विभाग (PWD) द्वारा सड़क निर्माण के दौरान उचित जल निकासी की व्यवस्था नहीं की गई। न तो पर्याप्त पुलिया बनाई गई और न ही नालियों का निर्माण किया गया, जिसके चलते बारिश का पानी खेतों में जमा हो जाता है और लंबे समय तक निकासी नहीं हो पाती।
किसानों का कहना है कि यह समस्या पिछले कई वर्षों से लगातार बनी हुई है, लेकिन अब तक इसका स्थायी समाधान नहीं किया गया है। जलभराव के कारण किसान अपने खेतों में समय पर बुवाई भी नहीं कर पा रहे हैं, जिससे उनकी आजीविका पर संकट खड़ा हो गया है।
स्थानीय किसानों ने प्रशासन से मांग की है कि इस समस्या का शीघ्र समाधान किया जाए और सड़क के दोनों ओर उचित जल निकासी व्यवस्था, नालियां एवं पुलिया बनवाई जाएं, ताकि खेतों में पानी भरने की समस्या से राहत मिल सके।
यदि समय रहते इस ओर ध्यान नहीं दिया गया, तो आने वाले समय में किसानों को और अधिक आर्थिक नुकसान झेलना पड़ सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *