📰 पूरी खबर:
जिला नीमच यातायात पुलिस द्वारा सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं आमजन में जागरूकता बढ़ाने हेतु जिले के चिन्हित रेड स्पॉट्स (दुर्घटना संभावित क्षेत्र) पर विशेष चेतावनी बोर्ड लगाए गए हैं। इन बोर्डों की विशेषता यह है कि इनमें केवल सामान्य स्लोगन नहीं, बल्कि संबंधित स्थान पर हुई दुर्घटनाओं का वास्तविक विवरण एवं मृतकों की संख्या स्पष्ट रूप से अंकित की गई है।
इन बोर्डों पर उदाहरण स्वरूप यह जानकारी प्रदर्शित की गई है कि 15 अप्रैल से 6 मई 2026 के बीच उक्त क्षेत्र में 05 लोगों की सड़क दुर्घटनाओं में मृत्यु हुई। इस पहल का उद्देश्य वाहन चालकों को उस स्थान की गंभीरता और संवेदनशीलता का वास्तविक अनुभव कराना है, जिससे वे अधिक सतर्कता के साथ वाहन संचालन करें।
पूर्व में प्रचलित “सावधानी हटी, दुर्घटना घटी” जैसे सामान्य स्लोगन के स्थान पर अब वास्तविक आंकड़ों के माध्यम से जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि चालक सड़क सुरक्षा को गंभीरता से लें।
यह अभियान जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में लिए गए निर्णय के अंतर्गत संचालित किया जा रहा है, जिसकी अध्यक्षता माननीय कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा एवं पुलिस अधीक्षक श्री राजेश व्यास द्वारा की गई। समिति द्वारा एनएचएआई, एमपीआरडीसी एवं संबंधित विभागों को ऐसे स्थानों पर चेतावनी संकेतक बोर्ड लगाने के निर्देश दिए गए हैं।
इसी क्रम में ग्राम चल्दू से सगरग्राम मार्ग के बीच दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में रेडियम युक्त विशेष चेतावनी बोर्ड स्थापित किए गए हैं।
यातायात पुलिस नीमच की अपील
यातायात पुलिस नीमच आमजन, वाहन चालकों एवं बस संचालकों से निम्नलिखित नियमों के पालन की अपील करती है—
- काली फिल्म (Black Film) का उपयोग न करें
चार पहिया वाहनों के शीशों पर प्रतिबंधित काली फिल्म का उपयोग पूर्णतः वर्जित है। - ओवरलोडिंग पर रोक
बसों में तथा उनके ऊपर यात्रियों या माल का अवैध परिवहन न किया जाए। - वाहन दस्तावेज पूर्ण रखें
फिटनेस, परमिट, बीमा एवं अन्य सभी आवश्यक दस्तावेज वैध एवं अद्यतन रखें। - यातायात नियमों का पालन करें
निर्धारित गति सीमा का पालन करें, मोड़ पर सावधानी बरतें तथा सुरक्षित ड्राइविंग सुनिश्चित करें।
“आपका सहयोग ही हमारा प्रयास है। सतर्क रहें – सुरक्षित रहें।”
आपातकालीन संपर्क: 112
पुलिस कंट्रोल रूम: 7049101042