📰 पूरी खबर:

बड़नगर। इंगोरिया थाना क्षेत्र के ग्राम पलवा में पुश्तैनी प्लॉट को लेकर हुए विवाद में एक ही परिवार के छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना रविवार दोपहर करीब 2 बजे की है। फरियादी आशुतोष डोडिया ने बताया कि उनकी माताजी के नाम दर्ज पुश्तैनी प्लॉट पर पिछले दो-तीन दिनों से साफ-सफाई कर खंभे लगाए जा रहे थे। इसी दौरान उनके बड़े पापा नारायण और उनके बेटे दिनेश, महेश, यशवंत, अंकित सहित परिवार की कुछ महिलाएं प्लॉट पर पहुंचीं और लगाए गए खंभों को उखाड़ने लगीं। विरोध करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज कर लाठी और लोहे की सब्बल से हमला कर दिया। आशुतोष के अनुसार दिनेश ने लोहे की सब्बल से उनके सिर पर कई वार किए, जिससे उनका सिर फट गया और 5 से 7 टांके लगे। भाई को बचाने पहुंची बहन सागर बाई पर भी हमला हुआ, उनके सिर में चोट आई और हाथ फ्रैक्चर हो गया। हमले में आशुतोष की मां मानकुंवर, छोटी मां भायगबाई और पत्नी सोनाली भी घायल हो गईं। सभी घायलों को उपचार हेतु बड़नगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए आशुतोष और सागर बाई को उज्जैन रेफर किया गया है। घटना की सूचना पर इंगोरिया पुलिस मौके पर पहुंची और फरियादी आशुतोष डोडिया की शिकायत पर नारायण, दिनेश, महेश, यशवंत, अंकित एवं अन्य महिलाओं के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि प्लॉट की पैमाइश एवं दस्तावेजों की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।