📰 पूरी खबर:
इंदौर। रिपोर्टर संतोष व्यास
जल संसाधन मंत्री एवं सांवेर विधायक तुलसीराम सिलावट की पहल और सतत प्रयासों से कृषि उपज मंडी समिति सांवेर तथा उपमंडी प्रांगण चन्द्रावतीगंज एवं मांगलिया में विभिन्न निर्माण कार्यों के लिए 467.96 लाख रुपये (लगभग 4.68 करोड़ रुपये) की तकनीकी स्वीकृति प्रदान की गई है।
मध्यप्रदेश राज्य कृषि विपणन बोर्ड, भोपाल द्वारा जारी स्वीकृति के अनुसार सांवेर मंडी क्षेत्र में सीमेंट कंक्रीट रोड एवं अंडरग्राउंड ड्रेनेज लाइन निर्माण, बाउंड्री वॉल का ध्वस्तीकरण, निर्माण एवं नवीनीकरण कार्य, सार्वजनिक शौचालय निर्माण तथा बाह्य विद्युतीकरण कार्य सहित 25 केवीए ट्रांसफार्मर स्थापना जैसे महत्वपूर्ण विकास कार्य किए जाएंगे।
इसके अलावा उपमंडी प्रांगण चन्द्रावतीगंज एवं मांगलिया में भी सार्वजनिक शौचालय निर्माण तथा विद्युत व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के कार्य स्वीकृत किए गए हैं।
मंत्री तुलसीराम सिलावट ने इन विकास कार्यों की स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं कृषि मंत्री एदल सिंह कंषाना का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री एवं कृषि मंत्री के मार्गदर्शन और सहयोग से सांवेर क्षेत्र में अधोसंरचना विकास को निरंतर गति मिल रही है।
उन्होंने कहा कि इन निर्माण कार्यों के पूर्ण होने से किसानों, व्यापारियों और मंडी में आने वाले आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी तथा मंडी परिसर की व्यवस्थाएं और अधिक मजबूत होंगी। प्रदेश सरकार किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए मंडियों के आधुनिकीकरण और सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार कार्य कर रही है। इन स्वीकृत कार्यों के पूरा होने से क्षेत्र के कृषि विपणन तंत्र को और अधिक मजबूती मिलेगी।