उमरिया जिले के पाली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम ओदरी में हुई बड़ी चोरी का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। पीड़ित गंगा प्रसाद यादव ने पुलिस अधीक्षक उमरिया को लिखित आवेदन देकर आरोप लगाया है कि उनके घर में लाखों रुपये की चोरी होने के बावजूद पुलिस मामले को गंभीरता से नहीं ले रही है।
पीड़ित के अनुसार 9 मई 2026 की रात अज्ञात चोरों ने उनके घर को निशाना बनाया। घर में रखे सोने-चांदी के जेवर, नगदी, बर्तन और अनाज सहित करीब 20 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति चोरी हो गई। घटना के बाद परिवार में हड़कंप मच गया और पूरे गांव में दहशत का माहौल बन गया।
गंगा प्रसाद यादव का आरोप है कि घटना की सूचना तत्काल पाली थाने में दी गई थी, लेकिन कई दिन गुजर जाने के बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस द्वारा चोरी की रकम को कम आंकते हुए केवल 8 लाख 50 हजार रुपये की चोरी दर्ज की गई, जबकि वास्तविक नुकसान इससे कहीं अधिक है।
पीड़ित परिवार का कहना है कि चोरी के बाद से घर की महिलाओं और बच्चों में डर का माहौल है। वहीं ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से लोगों की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
आवेदन में पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए और चोरी गई संपत्ति बरामद कराई जाए। साथ ही दोषियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर रोक लग सके।
फिलहाल गांव में इस घटना को लेकर चर्चाओं का दौर जारी है और अब सभी की निगाहें पुलिस की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।
