शनिचर अमावस्या पर तीर्थनगरी ओंकारेश्वर में लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी हुई है। श्रद्धालु लंबी कतारों में खड़े होकर बाबा ओंकारेश्वर के दर्शन कर रहे हैं। इसी बीच मंदिर परिसर में सुरक्षा व्यवस्था के दौरान एक पुलिस जवान द्वारा नियमों की अनदेखी और सुरक्षाकर्मियों से अभद्रता का मामला सामने आया है।
कॉम्पैक्ट सिक्युरिटी सर्विस के सुपरवाइजर संदीप के अनुसार, मध्य प्रदेश सशस्त्र पुलिस के जवान सुशील कुमार मिश्रा (बैच नंबर 467) को मंदिर के निकासी द्वार से प्रवेश करने से सुरक्षाकर्मियों ने रोका था। आरोप है कि इस दौरान जवान ने सुरक्षाकर्मियों से बहस करते हुए धक्का-मुक्की की और जबरन अंदर प्रवेश कर गर्भगृह तक पहुंच गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक जवान ने वर्दी और पद का रौब दिखाते हुए सुरक्षाकर्मियों की कॉलर पकड़कर डराने-धमकाने का प्रयास भी किया। घटना के दौरान मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं के बीच कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
गौरतलब है कि प्रदेश के मुख्यमंत्री सहित शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी मंदिर में निर्धारित नियमों और सुरक्षा व्यवस्था का पालन करते हुए दर्शन करते हैं। ऐसे में एक पुलिस जवान द्वारा सुरक्षाकर्मियों के साथ अभद्र व्यवहार किए जाने का मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।
मंदिर सुरक्षा में तैनात कर्मचारी प्रतिदिन भीषण गर्मी और भारी भीड़ के बीच अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं। ऐसे में इस घटना को लेकर सुरक्षा कर्मचारियों में नाराजगी देखी जा रही है। अब सभी की निगाहें जिला प्रशासन और संबंधित विभाग की कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।
