मुख्यमंत्री उत्कृष्टता पुरस्कार वर्ष 2026 के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित,आवेदन की अंतिम तिथि 15 जुलाई
अनूपपुर 11 जून 2026/ प्रदेश में शासकीय कार्यप्रणाली में नवाचार, सुशासन और जनसेवा के उत्कृष्ट प्रयासों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से राज्य शासन द्वारा ‘‘मुख्यमंत्री उत्कृष्टता पुरस्कार’’ (नवाचार हेतु) वर्ष 2026 के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। सामान्य प्रशासन विभाग ने जानकारी दी है कि यह पुरस्कार मध्यप्रदेश शासन के विभिन्न विभागों, विभागाध्यक्ष कार्यालयों तथा उनके अधीन कार्यरत निगम, मंडल, बोर्ड एवं संस्थाओं के अधिकारी-कर्मचारियों को उनके नवाचार आधारित उल्लेखनीय कार्यों के लिए प्रदान किया जाएगा। यह पुरस्कार 01 अप्रैल 2025 से 31 मार्च 2026 की अवधि में किए गए उत्कृष्ट कार्यों के लिये प्रदान किये जायेंगे। ऐसे कार्य जिनसे प्रशासनिक कार्यप्रणाली, सेवा प्रदाय व्यवस्था अथवा जनहित में सकारात्मक और प्रभावी परिवर्तन आया हो।
‘‘मुख्यमंत्री उत्कृष्टता पुरस्कार’’ के अंतर्गत नागरिक सेवा प्रदाय, सूचना प्रौद्योगिकी एवं सुशासन, शिक्षा एवं मानव संसाधन विकास, स्वास्थ्य एवं पोषण, अधोसंरचना, सामाजिक समावेश एवं सशक्तिकरण, रोजगार एवं आर्थिक विकास जैसे प्रमुख कार्यक्षेत्रों में किए गए नवाचारों को सम्मानित किया जाएगा।मुख्यमंत्री उत्कृष्टता पुरस्कार की संख्या 15 होगी। प्रत्येक पुरस्कार के लिए 1 लाख रूपये का पुरस्कार दिया जाएगा। किसी एक कार्यक्षेत्र में एक से अधिक शासकीय सेवक पात्र पाए जाने पर पुरस्कार राशि समान रूप से वितरित की जाएगी। ऑनलाइन आवेदन 15 जुलाई 2026 तक किये जा सकेंगे। पुरस्कार से संबंधित विस्तृत दिशा-निर्देश एवं आवेदन प्रक्रिया विभाग की वेबसाइट awards.mp.gov.in पर उपलब्ध है।
मध्य प्रदेश राज्य महिला आयोग की बड़ी पहल, महिलाओं के लिए टोल-फ्री हेल्पलाइन 1800-233-6112 शुरू,अब एक कॉल पर मिलेगी मदद
अनूपपुर 11 जून 2026/ महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और उनके अधिकारों की रक्षा को और अधिक सुदृढ़ करने की दिशा में मध्य प्रदेश राज्य महिला आयोग ने एक बड़ा कदम उठाया है। आयोग द्वारा प्रदेश की महिलाओं के लिए एक विशेष टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1800-233-6112 का शुभारंभ किया गया है। इस नई व्यवस्था के माध्यम से अब राज्य की कोई भी महिला सीधे आयोग से संपर्क स्थापित कर अपनी शिकायतें, परेशानियां और सुझाव दर्ज करा सकेंगी, जिससे उनकी समस्याओं का त्वरित और प्रभावी निराकरण सुनिश्चित किया जा सके। यह हेल्पलाइन महिलाओं और आयोग के बीच की दूरी को मिटाकर सीधे संवाद का एक सशक्त माध्यम बनेगी। यह व्यवस्था विशेष रूप से ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों में रहने वाली उन महिलाओं के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगी, जो संसाधनों की कमी या किसी अन्य मजबूरी के चलते सीधे आयोग के कार्यालय तक पहुंचने में असमर्थ थीं। अब वे घर बैठे ही इस टोल-फ्री नंबर के जरिए न्याय और सहायता के लिए अपनी आवाज उठा सकेंगी।
महिला आयोग का मुख्य उद्देश्य पीड़ित महिलाओं को एक सुरक्षित, सम्मानजनक और न्यायपूर्ण माहौल प्रदान करना है। इस हेल्पलाइन पर आने वाली प्रत्येक कॉल और शिकायत को पूरी संवेदनशीलता तथा गंभीरता के साथ सुना जाएगा। त्वरित कार्रवाई के लिए मामलों को प्राथमिकता के आधार पर वर्गीकृत किया जाएगा ताकि पीड़ित महिलाओं को बिना किसी देरी के जल्द से जल्द कानूनी व मानसिक राहत पहुंचाई जा सके। यह हेल्पलाइन केवल शिकायतें दर्ज करने तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि यह महिलाओं के लिए उचित मार्गदर्शन, कानूनी परामर्श (काउंसलिंग) और दर्ज मामलों के नियमित फॉलोअप के लिए एक पारदर्शी और जवाबदेह तंत्र के रूप में कार्य करेगी। आयोग की यह पहल महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने और समाज में न्याय तक उनकी पहुंच को मजबूत बनाने की दिशा में एक मील का पत्थर साबित होगी।
उपचार हेतु कलेक्टर ने 50 हजार रुपये के आर्थिक सहायता के आहरण की दी मंजूरी
अनूपपुर 11 जून 2026/ कलेक्टर श्री हर्षल पंचोली ने जिले के ग्राम निगवानी निवासी श्री नीरज कुमार नापित के उपचार हेतु मुख्यमंत्री जी के स्वेच्छानुदान मद से स्वीकृत 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता राशि के आहरण एवं संवितरण की मंजूरी प्रदान की है।
ग्राम गौरेला, खोड़री नं. 02, कोठी, खजुरवार तथा अनूपपुर, जैतहरी, बरगवां में जनकल्याण शिविर का आयोजन 12 जून को
अनूपपुर 11 जून 2026/ शासन द्वारा जिले में 12 से 18 जून की अवधि में ग्रामीण एवं नगरीय निकायों में जनकल्याण शिविर का आयोजन किए जाने के निर्देश दिए गए हैं। जिसके अनुक्रम में जनपद पंचायत जैतहरी के ग्राम गौरेला, जनपद पंचायत अनूपपुर के ग्राम खोड़री नं. 02, जनपद पंचायत कोतमा के ग्राम कोठी, जनपद पंचायत पुष्पराजगढ़ के ग्राम खजुरवार में 12 जून को शिविर का आयोजन किया जाएगा। इसी प्रकार नगरपालिका परिषद कार्यालय अनूपपुर के भवन, नगर परिषद कार्यालय जैतहरी के ऑडिटोरियम हॉल तथा नगर परिषद कार्यालय बरगवां (अमलाई) के भवन में 12 जून को शिविर का आयोजन किया जाएगा।












Leave a Reply