अनूपपुर/वेद शर्मा। जिले के राजेंद्रग्राम थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गिरारी में करैत प्रजाति के अत्यंत जहरीले सर्प के डसने से 40 वर्षीय युवक की मौत हो गई। उपचार के दौरान मंगलवार दोपहर जिला चिकित्सालय अनूपपुर में युवक ने दम तोड़ दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत हर्रई के गिरारी निवासी छंगू अगरिया (40 वर्ष), पिता मनीराम अगरिया सोमवार की रात रोजाना की तरह कामकाज के बाद भोजन कर घर के अंदर जमीन पर सो रहे थे। इसी दौरान सोमवार और मंगलवार की मध्य रात्रि में एक जहरीले करैत सर्प ने उनके दाहिने हाथ की मध्यमा उंगली में डस लिया।
सर्पदंश की जानकारी मिलते ही परिजन उन्हें उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजेंद्रग्राम लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए जिला चिकित्सालय अनूपपुर रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में उपचार के दौरान मंगलवार दोपहर उनकी मृत्यु हो गई।
घटना की सूचना मिलने पर जिला अस्पताल पुलिस चौकी ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम की कार्रवाई कराई। प्रधान आरक्षक मंसाराम सिंह मार्को ने परिजनों की उपस्थिति में आवश्यक कार्रवाई पूरी कर शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया। मामले की अग्रिम जांच के लिए राजेंद्रग्राम थाना पुलिस को सूचित किया गया है।
सावधानी बरतने की अपील
गर्मी के मौसम में विभिन्न प्रजातियों के सर्प अपने बिलों और प्राकृतिक आवासों से निकलकर भोजन की तलाश में खेतों, गांवों और घरों के आसपास पहुंच जाते हैं। विशेषज्ञों के अनुसार अनजाने में दबाव पड़ने या छेड़छाड़ होने पर सर्प हमला कर सकते हैं। जिला प्रशासन एवं सर्प विशेषज्ञों ने लोगों से सतर्क रहने, घरों के आसपास साफ-सफाई बनाए रखने तथा सर्प दिखाई देने पर तुरंत विशेषज्ञों की मदद लेने की अपील की है।
रिपोर्टर : वेद शर्मा, अनूपपुर












Leave a Reply