मेहगांव/धार | रिपोर्टर: नरेन चौहान
धार जिले की धरमपुरी जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत मेहगांव के बैंकपुरा गांव में बुधवार-गुरुवार की मध्यरात्रि करीब 12 बजे आकाशीय बिजली गिरने से तीन दुधारू पशुओं की मौत हो गई। इस घटना में पशुपालक को लगभग 2 लाख रुपये से अधिक का आर्थिक नुकसान हुआ है।
जानकारी के अनुसार, मृत पशुओं में एक भैंस, एक गाय और गाय का एक बछड़ा शामिल है। देर रात क्षेत्र में रिमझिम बारिश के साथ लगातार बिजली कड़क रही थी। इसी दौरान तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिरी, जिसकी चपेट में आने से तीनों पशुओं की मौके पर ही मौत हो गई।
पीड़ित किसान गोविंद ने बताया कि घटना के समय वह अपने परिवार के साथ घर में सो रहे थे। तेज गर्जना की आवाज सुनकर जब वे बाहर निकले तो देखा कि उनके तीनों पशु मृत अवस्था में पड़े थे।
घटना की सूचना धरमपुरी पुलिस एवं संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों को दे दी गई है। प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचकर पंचनामा तैयार करेगा तथा नुकसान का आकलन कर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।













Leave a Reply