50 साल बाद बाबा श्री रणजीत सरकार ने छोड़ा चोला, दर्शन को उमड़ रहे भक्त

इंदौर से संतोष व्यास

श्री रणजीत सरकार हनुमान मंदिर में लगभग 50 वर्षों बाद एक दुर्लभ धार्मिक घटना सामने आई है। मंदिर में विराजित बाबा श्री रणजीत सरकार की प्रतिमा ने स्वयं अपना सिंदूर चोला छोड़ दिया, जिसे श्रद्धालु दिव्य संकेत और बाबा की विशेष कृपा के रूप में देख रहे हैं।

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार हनुमान जी की प्रतिमा से सिंदूर गिरना या चोला अपने-आप उतरना “देव जागरण” और “जागृत स्वरूप” का प्रतीक माना जाता है। मंदिर समिति के अनुसार यह घटना अत्यंत शुभ संकेत है और इससे मंदिर की आध्यात्मिक शक्ति और बढ़ी हुई मानी जा रही है।

घटना की जानकारी मिलते ही दूर-दूर से श्रद्धालुओं का मंदिर पहुंचना लगातार जारी है। भक्त बाबा के दर्शन कर पूजा-अर्चना कर रहे हैं और इसे चमत्कारिक घटना बता रहे हैं।

मंदिर समिति ने बताया कि इस अवसर पर तीन दिवसीय धार्मिक महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। साथ ही बाबा के चोले की भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी और विधि-विधान से चोले का विसर्जन किया जाएगा।

श्रद्धालुओं का विश्वास है कि बाबा श्री रणजीत सरकार अपनी विशेष उपस्थिति का संकेत दे रहे हैं और क्षेत्र में जल्द कोई बड़ा शुभ कार्य होने वाला है। मंदिर समिति ने समस्त सनातन धर्म प्रेमियों से दर्शन एवं धार्मिक आयोजन में शामिल होने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *