शाजापुर जिले के सलसलाई थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले मदाना जोड़ पर आज रात्रि 8:00 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहाँ एक तेज रफ्तार बाइक सवार अनियंत्रित होकर ट्रैक्टर-ट्रॉली में पीछे से जा घुसा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और युवक लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घायल युवक की पहचान संतोष, पिता गोरीलाल, निवासी तिनंगजपुर के रूप में हुई है। संतोष अपनी बाइक से मदाना जोड़ से गुजर रहा था, तभी वह ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आ गया। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय राहगीरों की भीड़ जमा हो गई और पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम तत्काल मौके पर पहुँची। आरक्षक अरुण वर्मा और पायलट आदिल खान ने स्थिति को संभालते हुए बिना समय गंवाए गंभीर रूप से घायल संतोष को वाहन में लिटाया और सीधे सारंगपुर सिविल अस्पताल पहुँचाया।
सारंगपुर सिविल अस्पताल में प्राथमिक उपचार के दौरान डॉक्टरों ने संतोष की स्थिति को चिंताजनक बताया। सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आने के कारण उसे बेहतर इलाज के लिए शाजापुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया । फिलहाल युवक का उपचार जारी है और उसकी हालत स्थिर नहीं बताई जा रही है। सलसलाई पुलिस ने मामले की जांच शुरू की
शाजापुर: मदाना जोड़ पर भीषण सड़क हादसा, ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराया बाइक सवार, हालत गंभीर
