राजगढ़ पुलिस ने एटीएम कार्ड बदलकर लोगों के खातों से पैसे निकालने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से 8 लाख 11 हजार 400 रुपए का सामान जब्त किया गया है, जिसमें नकदी और वारदात में इस्तेमाल की गई कार शामिल है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) के.एल. बंजारे ने सोमबार को पुलिस कंट्रोल रूम में प्रेसवार्ता के दौरान यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह गिरोह दिनदहाड़े विभिन्न बैंकों के एटीएम में ऐसे लोगों को निशाना बनाता था, जिन्हें एटीएम चलाने की कम जानकारी होती थी। आरोपी मदद के बहाने उनसे बात करते थे और चालाकी से एटीएम कार्ड बदल लेते थे। बाद में बदले हुए कार्ड का उपयोग कर खातों से पैसे निकाल लिए जाते थे।
पुलिस के अनुसार, सुठालिया, नरसिंहगढ़ और ब्यावरा देहात क्षेत्रों में लगातार एटीएम धोखाधड़ी की शिकायतें मिल रही थीं। 5 मई को सुठालिया निवासी सोनू वाल्मीकि ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि एसबीआई एटीएम में उसका कार्ड बदलकर खाते से 47 हजार रुपए निकाल लिए गए। इसी तरह, ब्यावरा देहात के पगारा निवासी अंकित दांगी के खाते से 50 हजार रुपए और नरसिंहगढ़ के राजकुमार सिंह परमार के खाते से 31 हजार 400 रुपए निकाले गए थे।
इन लगातार हो रही वारदातों के बाद पुलिस ने तीनों मामलों को एक साथ जोड़कर जांच शुरू की। पुलिस टीम ने 300 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया, जिसके आधार पर आरोपियों की पहचान की गई। जांच में पता चला कि आरोपी वारदात को अंजाम देने के लिए मारुति डिजायर कार का इस्तेमाल करते थे और अलग-अलग शहरों में जाकर धोखाधड़ी करते थे।
पुलिस ने सिवनी जिले के छपारा निवासी चंदू उर्फ चंद्रेश यादव और मोहम्मद अजहर उर्फ अज्जू कुरैशी को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में दोनों ने कई वारदातें कबूल की हैं। पुलिस अब गिरोह के फरार सदस्य शाहरूख खान, नौशाद खान और बब्बूज खान की तलाश कर रही है, जो आगरा निवासी बताए जा रहे हैं।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 1 लाख 11 हजार 400 रुपए नकद और करीब 7 लाख रुपए कीमत की मारुति डिजायर कार जब्त की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गिरोह के अन्य राज्यों में भी सक्रिय होने की आशंका है, इसलिए पूछताछ जारी है।
