अनूपपुर जिले के नागरिक क्यूआर कोड स्कैन कर दर्ज कराएं फीडबैक

जिले को शीर्ष पर लाने की अपील

अनूपपुर 15 मई 2026/ स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) के अंतर्गत आयोजित होने वाले स्वच्छता सर्वेक्षण 2025-26 में अनूपपुर जिले के नागरिकों की शत-प्रतिशत भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन और नगरीय निकायों द्वारा विशेष अभियान शुरू किया गया है। नगरीय विकास एवं आवास आयुक्त श्री संकेत भोंडवे द्वारा राज्य स्तर पर जारी निर्देशों के परिप्रेक्ष्य में, अनूपपुर जिले के सभी नगरीय निकायों में नागरिकों से फीडबैक दर्ज कराने की अपील की जा रही है। मध्य प्रदेश में अब तक 19 लाख से अधिक सजग नागरिक अपना फीडबैक दर्ज कराकर प्रदेश को अग्रणी बनाए हुए हैं, जिसमें अनूपपुर जिला भी अपनी सक्रिय भूमिका निभा रहा है।

इस वर्ष के स्वच्छता सर्वेक्षण की सबसे महत्वपूर्ण और अभिनव विशेषता इसकी मूल्यांकन प्रणाली में किया गया क्रांतिकारी परिवर्तन है। अब शहरों की रैंकिंग केवल प्रशासनिक दावों या कागजी आंकड़ों पर तय नहीं होगी, बल्कि नागरिक फीडबैक और जन-शिकायत निवारण (ग्रीवांस रिड्रेसल) को इसका मुख्य आधार बनाया गया है। पूर्व के सर्वेक्षणों की तुलना में इस बार आम जनता की संतुष्टि, उनकी प्रतिक्रिया और उनकी समस्याओं के त्वरित व प्रभावी समाधान को सबसे अधिक वेटेज (महत्व) प्रदान किया गया है, जिससे यह पूरा अभियान पूर्णतः नागरिक-केंद्रित बन गया है।

प्रदेश के सभी नगरीय निकायों की तर्ज पर अनूपपुर के स्थानीय निकायों में भी इस नवीन व्यवस्था के अनुरूप ठोस कार्य योजना तैयार कर मैदानी स्तर पर काम शुरू कर दिया गया है। इसके अंतर्गत शहर के मुख्य मार्गों, बाजारों और आवासीय क्षेत्रों में वैज्ञानिक पद्धति से अपशिष्ट प्रबंधन (कचरा निपटान) करने के साथ-साथ दृश्य स्वच्छता (¼Visual Cleanliness) को सर्वाेच्च प्राथमिकता दी जा रही है। प्रशासन का मुख्य उद्देश्य तकनीक और पारदर्शिता का समावेश कर हर नागरिक को इस पूरी स्वच्छता प्रक्रिया का एक जिम्मेदार हिस्सा बनाना है।

नागरिकों की सुविधा और त्वरित संवाद के लिए जिले के सार्वजनिक स्थानों, कचरा संग्रहण वाहनों, बाजारों और शासकीय कार्यालयों में विशेष क्यूआर कोड प्रदर्शित किए गए हैं। जिला प्रशासन द्वारा जिले के सभी प्रबुद्ध जनों, युवाओं, स्व-सहायता समूहों और आम नागरिकों से पुरजोर अपील की गई है कि वे अपने मोबाइल से इस क्यूआर कोड को स्कैन कर स्वच्छता सर्वेक्षण में अपना अमूल्य फीडबैक तुरंत दर्ज करें। नागरिकों का यही छोटा सा प्रयास अनूपपुर जिले के नगरों को स्वच्छता के संस्कार से ओतप्रोत आधुनिक केंद्रों के रूप में स्थापित करेगा और आगामी राष्ट्रीय रैंकिंग में जिले को सुदृढ़ स्थिति प्रदान करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *