अनूपपुर में अधिवक्ता के साथ कट्टा अड़ाकर अवैध वसूली, मारपीट और धमकी देने वाले दो आरोपियों को कोतवाली पुलिस ने घटना के कुछ घंटों के भीतर शहडोल से गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार, केड़िया पेट्रोल पंप अनूपपुर में अधिवक्ता श्री मानवेन्द्र सिंह के साथ आरोपियों ने पिस्टल और लोहे के डंडे के बल पर डराने-धमकाने की कोशिश की थी। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी शांतनू मौर्य और दीपक पकवासा को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त नकली पिस्टल, लोहे का डंडा तथा रॉयल एनफील्ड मोटरसाइकिल क्रमांक MP18MH4032 जब्त की है। इस मामले में थाना कोतवाली अनूपपुर में अपराध क्रमांक 271/26 के तहत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
प्रभारी पुलिस अधीक्षक अनूपपुर जगन्नाथ मरकाम के निर्देशन और एसडीओपी नवीन तिवारी के मार्गदर्शन में टीआई अरविंद जैन और उनकी टीम ने सीसीटीवी फुटेज व साइबर तकनीक की मदद से आरोपियों तक पहुंच बनाई।
तेज कार्रवाई और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी पर पुलिस अधीक्षक ने पूरी टीम को पुरस्कृत किए जाने की घोषणा की है।
