Popular Posts

चित्तौड़गढ़-प्रतापगढ़ में सीबीएन की बड़ी कार्रवाई, 539 किलो डोडा चूरा जब्त, जंगल में लावारिस मिलीं गाड़ियां और ट्रैक्टर-ट्रॉली, तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार

Central Bureau of Narcotics ने मादक पदार्थ विरोधी अभियान के तहत चित्तौड़गढ़ और प्रतापगढ़ में बड़ी कार्रवाई करते हुए कुल 539.760 किलोग्राम अवैध डोडा चूरा जब्त किया है। कार्रवाई में दो गाड़ियां और एक ट्रैक्टर-ट्रॉली भी जब्त की गई हैं।

सीबीएन चित्तौड़गढ़ सेल की टीम को खुफिया सूचना मिली थी कि चित्तौड़गढ़ से मारवाड़ क्षेत्र की ओर दो वाहनों में भारी मात्रा में अवैध डोडा चूरा ले जाया जा रहा है। सूचना पर टीम ने शादी-बस्सी रोड क्षेत्र में निगरानी शुरू की। कई घंटे इंतजार के बाद जब वाहन नहीं पहुंचे तो टीम ने आसपास के जंगल क्षेत्र में सर्च अभियान चलाया।

तलाशी के दौरान गांव कंवरजी का खेड़ा के पास झाड़ियों में छिपी दो लावारिस गाड़ियां मिलीं। दोनों वाहनों की तलाशी लेने पर 32 बैग में भरा 464.940 किलोग्राम अवैध डोडा चूरा बरामद हुआ। कानूनी कार्रवाई पूरी कर मादक पदार्थ और दोनों वाहनों को एनडीपीएस एक्ट 1985 के तहत जब्त कर लिया गया।

वहीं दूसरे मामले में सीबीएन प्रतापगढ़ सेल की टीम ने गांव रिछावाड़ा से कल्याणपुरा जाने वाले अंदरूनी मार्ग पर बिना नंबर की लाल ट्रैक्टर-ट्रॉली को रोका। टीम को देखते ही तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल में फरार हो गए। सुरक्षा कारणों से ट्रैक्टर-ट्रॉली को सीबीएन कार्यालय लाकर तलाशी ली गई।

तलाशी में 5 बैग में रखा 74.820 किलोग्राम अवैध डोडा चूरा बरामद हुआ। सीबीएन ने ट्रैक्टर-ट्रॉली समेत मादक पदार्थ को जब्त कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

सीबीएन अधिकारियों ने कहा कि मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। विभाग युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने और “नशा मुक्त भारत” अभियान को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *