भाजपा जिला नीमच प्रशिक्षण वर्ग का प्रथम दिन सम्पन्न, 7 सत्रों में मिला वैचारिक एवं संगठनात्मक प्रशिक्षण ।@आर.मध्यप्रदेश

भारतीय जनता पार्टी जिला नीमच द्वारा पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान के अंतर्गत आयोजित दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग के प्रथम दिन शनिवार को कुल 7 सत्र सम्पन्न हुए। यह प्रशिक्षण वर्ग होटल देव रेजिडेंसी, नीमच में आयोजित किया गया, जिसमें पार्टी की रीति-नीति, संगठनात्मक कार्यप्रणाली एवं वैचारिक विषयों पर कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन दिया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत भाजपा ध्वज वंदन के साथ हुई। इसके पश्चात अतिथियों द्वारा प्रदर्शनी का उद्घाटन एवं अवलोकन किया गया। प्रथम सत्र का शुभारंभ भारत माता, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। वर्ग गीत कार्यालय मंत्री विनोद नागदा द्वारा एवं वंदे मातरम गान श्रीमती हेमलता धाकड़ द्वारा प्रस्तुत किया गया।

उद्घाटन सत्र में भाजपा जिलाध्यक्ष श्रीमती वंदना खंडेलवाल, सांसद सुधीर गुप्ता, जिला प्रभारी सुभाष पटेल, विधायक दिलीप सिंह परिहार, विधायक ओमप्रकाश सकलेचा, विधायक अनिरुद्ध माधव मारु, जिला प्रशिक्षण प्रभारी हरिराम शाह, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती स्वाति गौरव चोपड़ा, वर्ग प्रभारी नरेंद्र मालवीय एवं सह प्रभारी राकेश “पप्पू” जैन विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन राकेश “पप्पू” जैन ने किया।

जिलाध्यक्ष श्रीमती वंदना खंडेलवाल ने प्रस्तावना प्रस्तुत करते हुए कार्यकर्ताओं को निरंतर प्रशिक्षण एवं संगठन मजबूती का संदेश दिया। प्रथम सत्र में सांसद सुधीर गुप्ता ने संगठन की मजबूती, देश के समक्ष चुनौतियों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं पर विस्तार से विचार रखे। सत्र की अध्यक्षता वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री कैलाश चावला ने की।

द्वितीय सत्र में विधायक दिलीप सिंह परिहार ने कार्यकर्ताओं के विकास एवं संगठनात्मक भूमिका पर अपने विचार रखे। तृतीय सत्र में पूर्व विधायक देवीलाल धाकड़ ने भाजपा के वैचारिक आधार पर उद्बोधन दिया। चतुर्थ सत्र में विजय अटवाल ने कार्य विस्तार योजना पर प्रशिक्षण प्रदान किया।

पंचम सत्र में पूर्व जिला अध्यक्ष मदनलाल राठौर ने वैचारिक अधिष्ठान, एकात्म मानव दर्शन, सांस्कृतिक राष्ट्रवाद एवं पंच निष्ठाओं पर विस्तृत मार्गदर्शन दिया। छठे सत्र में खातेगांव विधायक आशीष शर्मा ने बूथ प्रबंधन, स्थायी कार्यक्रम, मन की बात एवं आईटी-सोशल मीडिया की भूमिका पर चर्चा की।

अंतिम सातवें सत्र में पूर्व विधायक एवं प्रदेश प्रवक्ता यशपाल सिंह सिसोदिया ने व्यवहारिक प्रशिक्षण देते हुए संगठनात्मक कार्यशैली एवं व्यवहारिकता पर मार्गदर्शन दिया। रात्रि में सुंदरकांड पाठ का आयोजन भी किया गया।

प्रशिक्षण वर्ग में जिले भर से भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। प्रशिक्षण वर्ग का समापन रविवार 17 मई को पांच सत्रों के साथ होगा। जानकारी जिला मीडिया प्रभारी मनोज माहेश्वरी एवं सह प्रभारी शुभम शर्मा द्वारा दी गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *