राजस्व एवं लोक सेवा के प्रकरणों को समयबद्ध तरीके से अधिकारी करें निराकरण-कलेक्टर

अनूपपुर 20 मई 2026/ कलेक्टर श्री हर्षल पंचोली ने आज अनूपपुर स्थित अनुविभागीय अधिकारी राजस्व कार्यालय का निरीक्षण कर राजस्व एवं लोक सेवा से संबंधित प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अनुविभागीय अधिकारी राजस्व को निर्देशित किया कि राजस्व विभाग अंतर्गत सीमांकन, नामांतरण, नक्शा तरमीम सहित अन्य लंबित प्रकरणों के निराकरण हेतु विशेष अभियान संचालित करते हुए निर्धारित समय-सीमा में प्रकरणों का गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए।

कलेक्टर श्री पंचोली ने लोक सेवा केंद्र के माध्यम से प्राप्त जाति प्रमाण पत्र एवं ईडब्ल्यूएस प्रमाण पत्र संबंधी प्रकरणों की भी समीक्षा की तथा निर्देश दिए कि ऐसे प्रकरणों का गंभीरतापूर्वक परीक्षण कर समयबद्ध निराकरण किया जाए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि अनावश्यक रूप से किसी भी आवेदन को निरस्त न किया जाए, बल्कि पात्र प्रकरणों का संवेदनशीलता एवं तत्परता के साथ निराकरण सुनिश्चित किया जाए।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने प्रकरणों की चौथी सेट नंबरिंग, पंजीयन क्रमांक एवं अन्य आवश्यक अभिलेखों का अवलोकन कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। उन्होंने कहा कि सभी राजस्व प्रकरणों एवं अभिलेखों का संधारण सुव्यवस्थित एवं पारदर्शी ढंग से किया जाए तथा कार्यों के निष्पादन में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।

इस दौरान अनुविभागीय अधिकारी राजस्व अनूपपुर श्री कमलेश पुरी, डिप्टी कलेक्टर सुश्री प्राशी अग्रवाल, अधीक्षक भू अभिलेख श्री प्रदीप कुमार मोगरे सहित अन्य राजस्व अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *