देवास। जिले में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत थाना कन्नौद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतर्राज्यीय स्तर पर सट्टा संचालन करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 12 लाख 10 हजार रुपये नगद, सट्टा रजिस्टर एवं एक वर्ष का हिसाब-किताब जब्त किया है।
पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद के निर्देशन में जिलेभर में संगठित अपराधियों और अवैध जुआ-सट्टा संचालकों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) सौम्या जैन एवं एसडीओपी आदित्य तिवारी के मार्गदर्शन में थाना कन्नौद पुलिस ने यह कार्रवाई की।
पुलिस को सूचना मिली थी कि कन्नौद के पीपल्दा रोड वार्ड क्रमांक 11 में बड़े स्तर पर सट्टा खाईवाली संचालित की जा रही है। सूचना के बाद थाना प्रभारी तहजीब काजी ने विशेष टीम गठित की। टीम ने दो दिन तक जनगणना अधिकारी बनकर इलाके की रैकी की और फिर योजनाबद्ध तरीके से दबिश दी।
कार्रवाई के दौरान दो व्यक्ति मौके से फरार हो गए, जबकि आरोपी संदीप पिता ओमप्रकाश (41 वर्ष) निवासी पीपल्दा रोड वार्ड क्रमांक 11 को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपी ने उज्जैन, इंदौर, चापड़ा, कोटा और नागपुर तक सट्टा नेटवर्क संचालित करने की बात कबूल की है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 329/2026 धारा 4(क) सट्टा अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही आरोपी के बैंक खातों और उसके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी भी जुटाई जा रही है।
कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम
इस कार्रवाई में निरीक्षक तहजीब काजी, उपनिरीक्षक दीपक भोण्डे, सहायक उपनिरीक्षक मोहनलाल पंवार, आरक्षक राहुल सोनी, निकेतन परमार एवं महिला आरक्षक मुस्कान चौहान की महत्वपूर्ण भूमिका रही।












Leave a Reply