अनूपपुर 20मई 2026/जिला पंचायत की सीईओ श्रीमती अर्चना कुमारी ने पेसा एक्ट के प्रावधानों के अंतर्गत जिले के जनपद पंचायत जैतहरी के ग्राम पंचायत सुलखारी, लपटा, मुंडा, महुदा में चल रहे तेंदूपत्ता तोड़ाई एवं संग्रहण कार्य का औचक निरीक्षण किया।
जिपं सीईओ श्रीमती अर्चना कुमारी ने संग्रहण केंद्रों पर पहुंचकर व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संग्राहकों से सीधा संवाद किया। संग्राहकों से तोड़ाई की दर, गड्डी बनाने के मानक, भुगतान की स्थिति के बारे में विस्तार से पूछताछ की। कई संग्राहकों ने बताया कि इस वर्ष मौसम अनुकूल होने से पत्तों की गुणवत्ता अच्छी है।
पेसा एक्ट के अधिकारों पर दिया जोर
जिला पंचायत सीईओ ने संग्राहकों को पेसा एक्ट के तहत मिले अधिकारों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पेसा एक्ट के लागू होने के बाद ग्राम सभाएं तेंदूपत्ता के व्यापार की मालिक हैं। ग्राम सभा द्वारा तय दर पर ही संग्रहण हो और व्यापार से प्राप्त लाभांश का वास्तविक हक संग्राहकों को मिले, यह सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है।
अधिकारियों को दिए निर्देश
निरीक्षण के दौरान जिपं सीईओ श्रीमती अर्चना कुमारी ने निर्देशित किया कि संग्रहण केंद्रों पर पेयजल, छाया के लिए तिरपाल, प्राथमिक उपचार किट की व्यवस्था अनिवार्य रूप से की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी संग्राहक का भुगतान लंबित नहीं रहना चाहिए। पारदर्शिता के लिए भुगतान संग्राहकों के बैंक खातों में सीधे किया जाए।
इस अवसर पर जिपं सीईओ ने संग्राहकों की मेहनत की सराहना करते हुए उन्हें सुरक्षित तरीके से अपना कार्य करने की बात कही।
निरीक्षण के दौरान जनपद पंचायत जैतहरी के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री के के रैकवार, सहायक यंत्री श्री इंद्रजीत तिवारी पेसा के जिला समन्वयक श्री राजेश सिंह सहित संबंधित ग्राम पंचायत के सचिव एवं ग्राम रोजगार सहायक आदि उपस्थित रहे।












Leave a Reply