R Madhya Pradesh

मध्य प्रदेश की ताजा खबरें, ब्रेकिंग न्यूज़, लाइव अपडेट्स

केंद्रीय राज्य मंत्री श्रीमती सावित्री ठाकुर ने अंतर्राष्ट्रीय ब्रिक्स सम्मेलन में रखा भारत का दृष्टिकोण

Spread the love

धार/- भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता के अंतर्गत केरल के कोच्चि में आयोजित ब्रिक्स महिला मंत्रिस्तरीय सम्मेलन में आज केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री श्रीमती सावित्री ठाकुर ने सहभागिता करते हुए भारत की ओर से महिला सशक्तिकरण, समावेशी विकास एवं सतत आर्थिक प्रगति पर अपना प्रभावशाली उद्बोधन दिया। सम्मेलन में ब्रिक्स सदस्य देशों के मंत्रियों, वरिष्ठ अधिकारियों एवं प्रतिनिधिमंडलों ने प्रमुखता से भाग लिया।

अपने संबोधन में श्रीमती सावित्री ठाकुर ने सभी अतिथियों का आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन करते हुए कहा कि आज पूरा विश्व समावेशी एवं सतत विकास की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। ऐसे समय में महिलाओं का सशक्तिकरण केवल सामाजिक दायित्व नहीं, बल्कि आर्थिक विकास और सुशासन की अनिवार्य आवश्यकता बन चुका है। उन्होंने कहा कि जिस राष्ट्र में महिलाएं सशक्त होती हैं, वहां की अर्थव्यवस्था अधिक मजबूत, समाज अधिक समावेशी तथा शासन व्यवस्था अधिक संवेदनशील एवं प्रभावी होती है।

श्रीमती ठाकुर ने कहा कि भारत ने माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिला सशक्तिकरण को विकास की मुख्यधारा में स्थान दिया है। शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, वित्तीय समावेशन, कौशल विकास, उद्यमिता तथा डिजिटल सशक्तिकरण जैसे अनेक क्षेत्रों में महिलाओं के लिए प्रभावी योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनसे करोड़ों महिलाओं के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आया है।

इन ब्रिक्स देशों के बीच महिलाओं के नेतृत्व, नवाचार, कौशल, उद्यमिता तथा आर्थिक भागीदारी को बढ़ावा देने के लिए आपसी सहयोग और अनुभवों का आदान-प्रदान अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह सम्मेलन महिला-केंद्रित नीतियों को नई दिशा देने के साथ-साथ सदस्य देशों के बीच सहयोग को और अधिक सशक्त बनाएगा।

ब्रिक्स सम्मेलन के दौरान श्रीमती सावित्री ठाकुर ने ब्रिक्स सदस्य देशों से आए मंत्रियों, जनप्रतिनिधियों एवं प्रतिनिधिमंडलों से सौहार्दपूर्ण संवाद भी किया तथा भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत एवं ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ की भावना का परिचय देते हुए सभी का हार्दिक स्वागत किया।

सम्मेलन में केंद्रीय महिला एवं बाल विकास कैबिनेट मंत्री श्रीमती अन्नपूर्णा देवी जी की भी गरिमामयी उपस्थिति रही। यह सम्मेलन वैश्विक स्तर पर महिला सशक्तिकरण, लैंगिक समानता और सतत विकास के साझा संकल्प को नई ऊर्जा प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सिद्ध होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *