R Madhya Pradesh

मध्य प्रदेश की ताजा खबरें, ब्रेकिंग न्यूज़, लाइव अपडेट्स

SAFE CLICK-2026 2.0 अभियान के अंतर्गत साइबर सुरक्षा मैराथन का आयोजन, 200 प्रतिभागियों ने लिया उत्साहपूर्वक भाग

Spread the love

मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा संचालित राज्य स्तरीय साइबर सुरक्षा जन-जागरूकता अभियान “SAFE CLICK-2026 2.0” के अंतर्गत अभियान के दिवस-14 “साइबर सुरक्षा मैराथन / रन” के अवसर पर दिनांक 07 जुलाई 2026 को पुलिस लाइन परिसर, पन्ना से भव्य साइबर सुरक्षा मैराथन (Cyber Run) का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं एवं आमजन में साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा सुरक्षित डिजिटल व्यवहार को जन-जन तक पहुंचाना था।

मैराथन को पुलिस अधीक्षक पन्ना श्रीमती निवेदिता नायडू (भा.पु.से.) द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि वर्तमान डिजिटल युग में साइबर सुरक्षा प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। जागरूकता और सतर्कता ही साइबर अपराधों से बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों से अपील की कि वे स्वयं जागरूक बनें तथा अपने परिवार, मित्रों एवं समाज को भी साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करें।

मैराथन का निर्धारित मार्ग पुलिस लाइन परिसर – बीटीआई चौराहा – गुलायची मोहल्ला – बस स्टैंड – बेनीसागर चौराहा – हॉस्पिटल चौक होते हुए पुनः पुलिस लाइन परिसर तक रहा। पूरे मार्ग में प्रतिभागियों ने साइबर सुरक्षा से संबंधित संदेशों एवं नारों के माध्यम से नागरिकों को ऑनलाइन ठगी, डिजिटल अरेस्ट, फर्जी KYC अपडेट, OTP एवं UPI फ्रॉड, निवेश संबंधी धोखाधड़ी तथा सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग के प्रति जागरूक किया। मार्ग में अनेक स्थानों पर नागरिकों ने मैराथन का उत्साहपूर्वक स्वागत किया और अभियान की सराहना की।

साइबर सुरक्षा रन में लगभग 200 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। मैराथन में पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी, युवा, विद्यार्थी तथा नागरिक बड़ी संख्या में शामिल हुए। प्रतिभागियों ने “सतर्क रहें, सुरक्षित रहें”, “सोच-समझकर करें ऑनलाइन लेन-देन”, “OTP किसी से साझा न करें” तथा “साइबर अपराध की सूचना तुरंत 1930 पर दें” जैसे जागरूकता संदेशों के माध्यम से लोगों को साइबर सुरक्षा के प्रति प्रेरित किया।

कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित सभी प्रतिभागियों को साइबर सुरक्षा शपथ दिलाई गई। शपथ के माध्यम से सभी ने सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने, किसी भी परिस्थिति में अपनी व्यक्तिगत एवं बैंकिंग जानकारी किसी अज्ञात व्यक्ति के साथ साझा न करने, संदिग्ध कॉल, लिंक एवं संदेशों से सावधान रहने तथा साइबर अपराध की स्थिति में तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 एवं www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुश्री वंदना चौहान, रक्षित निरीक्षक खिलावन सिंह कँवर, थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक रोहित मिश्रा, यातायात प्रभारी नीलम लखचर सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक समाज निर्माण का संदेश दिया।

पन्ना पुलिस द्वारा आयोजित इस साइबर सुरक्षा मैराथन का मुख्य उद्देश्य युवाओं एवं आमजन को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें सुरक्षित डिजिटल जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था। अभियान के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि “साइबर सुरक्षा केवल पुलिस की नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है।”

पन्ना पुलिस सभी नागरिकों से अपील करती है कि किसी भी प्रकार की ऑनलाइन ठगी, डिजिटल अरेस्ट, फर्जी KYC, UPI फ्रॉड, निवेश संबंधी धोखाधड़ी अथवा अन्य साइबर अपराध से संबंधित घटना होने पर घबराएं नहीं, बल्कि तत्काल 1930 साइबर हेल्पलाइन पर कॉल करें अथवा www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करें। आपकी सतर्कता ही आपकी सबसे बड़ी सुरक्षा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *