पन्ना कोतवाली थाना अंतर्गत रानीगंज इलाके में अपनी पालतू भैंसों को खोजने निकले एक 65 वर्षीय बुजुर्ग की पानी में डूबने से मौत हो गई। इस दर्दनाक हादसे के बाद से पूरे रानीगंज मोहल्ले और आस-पास के इलाके में मातम पसरा हुआ है। मृतक बुजुर्ग की पहचान रानीगंज निवासी बड्डे यादव के रूप में हुई है। वे बीते कल, यानी 7 जुलाई की सुबह करीब 11 बजे अपनी लापता भैंसों को ढूंढने के लिए घर से निकले थे। जब वे देर रात तक वापस नहीं लौटे, तो परेशान परिजनों ने उनकी हर जगह तलाश की और आखिरकार पुलिस को सूचना दी।
बता दें कि पन्ना में लगातार हो रही भारी बारिश की वजह से लोकपाल सागर के ऊपर बने नाले उफान पर हैं। आशंका है कि मवेशियों को खोजते समय बुजुर्ग का पैर फिसल गया और वे नाले के इसी तेज बहाव की चपेट में आ गए। आज लोकपाल सागर जलाशय में एक शव तैरता हुआ देखा गया। पुलिस और गोताखोरों की मदद से तुरंत सर्च ऑपरेशन चलाकर शव को बाहर निकाला गया, जिसकी शिनाख्त बड्डे यादव के रूप में हुई। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है और मर्ग कायम कर मामले की बारीकी से जांच कर रही है।












Leave a Reply