झुरही तालाब में सफाई और गहरीकरण कार्य जारी
अनूपपुर 29 अप्रैल 2026/ जल स्त्रोतों के संरक्षण और उन्हें पुनर्जीवित करने के उद्देश्य से संचालित ‘‘जल गंगा संवर्धन अभियान’’ के तहत नगरपालिका पसान के वार्ड क्रमांक 01 में स्थित झुरही तालाब में सफाई अभियान चलाया जा रहा है। इसके साथ ही तालाब की जल संग्रहण क्षमता बढ़ाने के लिए गहरीकरण का कार्य भी किया जा रहा है, ताकि आगामी मानसून में अधिक से अधिक जल संचय सुनिश्चित हो सके। गहरीकरण कार्य के माध्यम से तालाब से गाद और मिट्टी निकाली जा रही है, जिससे क्षेत्र के भू-जल स्तर में सुधार होगा।
इसी अनुक्रम में प्रशासनिक अमले के साथ स्थानीय नागरिकों ने आज श्रमदान कर तालाब परिसर में फैली गंदगी और कचरे को साफ किया। उपस्थित अधिकारियों ने नागरिकों को जल की महत्ता समझाते हुए अपने आसपास के जल स्त्रोतों को स्वच्छ रखने की अपील की। प्रशासन की इस पहल से भविष्य में निस्तार और पशुओं के लिए पानी की बेहतर उपलब्धता सुनिश्चित होगी।
